●शिवपुराण कथा वाचन के लिए वृंदावन से पधारेंगे कथा श्री गोपाल कृष्ण जी
●श्रीकृष्ण सखा मंडल के संयोजन में होने वाले इस धार्मिक आयोजन को मिलेगा मारवाड़ी युवा मंच एवं श्रीराधा सखीमंडल का सहयोग
विशेष संवाददाता
दुमका । दुमका के यज्ञ मैदान में सात दिवसीय द्वादश ज्योतिर्लिंग पूजन, अभिषेक सह शिवपुराण कथा का भव्य आयोजन 25 से 31 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से शाम 7 बजे तक होगा।शिवपुराण कथा के कथा व्यास के रूप में श्री गोपाल कृष्ण जी (वृंदावन) श्रद्धालुओं को शिवपुराण कथा का रसपान कराएंगे, जबकि कार्यक्रम का पावन सान्निध्य श्री राधेश्याम जी शास्त्री (वृंदावन) का प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के प्रथम दिन 25 जनवरी की सुबह 8 बजे छोटी ठाकुरबाड़ी से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर भ्रमण करते हुए यज्ञ मैदान पहुँचकर संपन्न होगी। आयोजन के अंतर्गत विशेष आकर्षण के रूप में 151 युगल जोड़ों द्वारा बाबा बासुकीनाथ एवं द्वादश ज्योतिर्लिंग के साथ भव्य शोभायात्रा, साथ ही द्वादश ज्योतिर्लिंग का पूजन, अभिषेक एवं श्रृंगार किया जाएगा।यह संपूर्ण धार्मिक कार्यक्रम राधाकुंड छोटी ठाकुरबाड़ी, जिला स्कूल रोड से संचालित होगा। सप्ताह भर चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन विभिन्न पावन प्रसंगों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें संकल्प पूजन महोत्सव, शिव महिमा, शिव प्रकट्य महोत्सव, शिव विवाह, गणपति जन्म महोत्सव, हनुमान जन्म महोत्सव, शिव लीला एवं द्वादश ज्योतिर्लिंग कथा प्रमुख हैं।
इस भव्य धार्मिक आयोजन का संयोजन श्रीकृष्ण सखा मंडल, दुमका द्वारा किया जा रहा है। आयोजक श्री कृष्ण सखा मंडल ने दुमका सहित आसपास के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। कार्यक्रम में सहयोगी संस्था के रूप में मारवाड़ी युवा मंच एवं श्री राधा सखी मंडल का सहयोग प्राप्त है।


