●झामुमो के समर्थन की आस में हाजिरी लगा रहे संभावित प्रत्याशी
नगर निकाय चुनाव
सुमन सिंह
दुमका । नगर निकाय का चुनाव दलीय आधार पर नहीं होगा पर लगभग सभी प्रमुख दल चुनाव में सक्रिय रहेंगे।भाजपा पहले से चुनाव में दिलचस्पी रख रही थी।झामुमो ने भी साफ कर दिया है कि नगर निकाय चुनाव में मोर्चा की सक्रिय भूमिका रहेगी।हर वार्ड पार्षद पद और अध्यक्ष/ मेयर पद के लिए चुनाव में झामुमो समर्थित एक प्रत्याशी होगा जिसे जिताने के लिए पार्टी ताकत झोकेगी।अभी नगर निकाय चुनाव के तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है पर चुनाव लड़ने के इच्छुक लोग समर्थन की आस में नेताओं के दरबार में हाजिरी लगाना शुरू कर दिया है।दुमका नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए संभावित प्रत्याशियों में सबसे अधिक लोग या तो भाजपा या फिर झामुमो से समर्थन हासिल करने की जुगत कर रहे हैं।किसे झामुमो का समर्थन मिलेगा,यह फैसला पार्टी के स्तर पर होगा। दुमका में यह सर्वविदित है कि स्थानीय विधायक बसंत सोरेन का जिसे आशीर्वाद होगा,उसे ही झामुमो का समर्थन होगा। विधायक बसंत सोरेन से मिल कर समर्थन के लिए अपनी दावेदारी करने वाले कई संभावित प्रत्याशी इन दिनों खिजुरिया स्थित गुरुजी आवास में हाजिरी लगा रहे है।इनमें कई वार्ड पार्षद पद के तो कई अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने को इच्छुक हैं।
सभी को बसंत सोरेन का आशीर्वाद चाहिए।स्थानीय विधायक से मिलने वाले संभावित प्रत्याशियों में पहला नाम अभिषेक चौरसिया का है।अभिषेक 2018 का उपाध्यक्ष पद का चुनाव झामुमो के टिकट से लड़ चुके हैं।इस बार वे अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।पिछले चुनाव में उन्हें 7000 से अधिक वोट मिला था।इसलिए झामुमो से समर्थन का उनका दावा स्वाभाविक है।अध्यक्ष पद के दूसरे संभावित प्रत्याशी सुमित पटवारी भी झामुमो से समर्थन के लिए गुरुजी आवास में हाजिरी लगा रहे हैं।झामुमो के सूत्रों के मुताबिक कुछ लोग विनोद कुमार लाल के लिए भी लॉबिंग कर रहे हैं।विनोद कुमार लाल दो बार नगर परिषद के उपाध्यक्ष रह चुके हैं।इस चुनाव में वे अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने वाले हैं। बसंत सोरेन का आशीर्वाद इन तीनों संभावित प्रत्याशियों में किसी एक को मिलेगा या किसी अन्य छुपे रुस्तम को,इसका खुलासा समय आने पर होगा।
—
निर्दलीय चुनाव लड़ी थी मिक्की झा की पत्नी श्वेता झा
दुमका। नगर परिषद अध्यक्ष पद के संभावित प्रत्याशी अजय कुमार झा उर्फ मिक्की झा का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से नजदीकी रहा है।इसके बावजूद 2018 के नगर निकाय चुनाव में मिक्की झा ने अपनी पत्नी श्वेता झा को निर्दलीय लड़ाया था जबकि वह चुनाव दलीय आधार पर लड़ा गया था।निर्दलीय श्वेता झा तत्कालीन भाजपा प्रत्याशी अमिता रक्षित को हरा कर अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं।2026 का चुनाव मिक्की झा झामुमो का समर्थन से लड़ेंगे या निर्दलीय यह अभी तय नहीं है।


