जसीडीह मधुपुर के बीच रोहिणी-नावाडीह फाटक पर अफरा-तफरी, रेल परिचालन प्रभावित
देवघर। जसीडीह–मधुपुर रेलखंड के रोहिणी-नावाडीह रेलवे फाटक पर गुरुवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। डाउन लाइन पर गोंडा से आसनसोल जा रही ट्रेन संख्या 13510 गोंडा आसनसोल एक्सप्रेस चावल से लदे ट्रक से टकरा गई। ट्रक का नंबर जेएच 15 एक्स 8874 बताया गया है। टक्कर के बाद कुछ देर के लिए डाउन और अप दोनों रेल लाइनों पर ट्रेनों की आवाजाही बाधित रही। घटना सुबह करीब 9 बजकर 38 मिनट की बताई जा रही है। बाद में सुबह करीब 10 बजकर 55 मिनट पर अप लाइन बहाल कर दी गई और आसनसोल–झाझा पैसेंजर को पास कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय फाटक पर वाहनों की आवाजाही अधिक थी। इसी दौरान चावल से भरा ट्रक रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। गेटमैन पंकज कुमार का कहना है कि भारी ट्रैफिक के कारण ट्रेन को सिग्नल नहीं दिया जा सका था। इसी बीच डाउन लाइन पर गोंडा–आसनसोल एक्सप्रेस आ गई और फाटक पर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हादसे के वक्त ट्रक की चपेट में दो मोटरसाइकिलें भी आ गईं। राहत की बात यह रही कि मोटरसाइकिल सवार किसी तरह मौके से निकलने में सफल रहे। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रेन की गति कुछ और अधिक होती, तो बड़ा जानमाल नुकसान हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और जसीडीह आरपीएफ मौके पर पहुंच गए। आरपीएफ और जसीडीह थाना पुलिस ने फाटक क्षेत्र में भीड़ को नियंत्रित किया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। रेलवे अधिकारियों ने ट्रैक की स्थिति का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि डाउन लाइन पर प्रभावित परिचालन को जल्द बहाल करने के प्रयास जारी हैं। वहीं अप लाइन पर ट्रेनों को सावधानी के साथ पास कराया जा रहा है, ताकि यात्रियों को कम से कम परेशानी हो। घटना को लेकर रेलवे स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है। गेट संचालन, सिग्नल व्यवस्था और ट्रक चालक की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


