मधुपुर । विधानसभा अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों के विकास के लिए आज झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने अपने पथल चपटी स्थित आवासीय कार्यालय सभागार मे जल संसाधन विभाग लघु सिंचाई द्वारा स्वीकृत 10 विभिन्न योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। कुल 7 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाली ये योजनाएं क्षेत्र में सिंचाई सुविधा को सुदृढ़ करने और ग्रामीणों की समृद्धि में सहायक सिद्ध होंगी।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक अभियंता देशप्रिय तिर्की, सहायक अभियंता निरंजन कुमार सिंह के साथ-साथ कनीय अभियंता चंदन कुमार गुप्ता, जियाउल अंसारी, नवीन कुमार राय और पंकज कुमार भारती मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इन अधिकारियों की देखरेख में ही इन सभी योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।
शिलान्यास के इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की सम्मानित जनता ने भारी संख्या में उपस्थित होकर अपनी एकजुटता दिखाई। मंत्री हफीजुल हसन ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों और ग्रामीणों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और ये योजनाएं उसी संकल्प का हिस्सा हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र के लोगों में हर्ष का माहौल है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


