देवघर। स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करते हुए प्राथमिक विद्यालय गोपालपुर ने एक बार फिर जिले को गौरवान्वित किया है। विद्यालय का चयन स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2026 के लिए राज्य स्तरीय बैठक में किया गया है। खास बात यह है कि यह उपलब्धि विद्यालय ने लगातार पांचवीं बार हासिल की है, जिसे शिक्षा जगत में बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। विद्यालय ने स्वच्छता से जुड़े सभी निर्धारित मानकों पर सशक्त प्रदर्शन किया है। परिसर की नियमित और व्यवस्थित साफ-सफाई, शौचालयों की बेहतर देखरेख, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता तथा बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता जैसे पहलुओं पर विद्यालय पूरी तरह खरा उतरा है।
इन प्रयासों से न केवल विद्यालय का वातावरण स्वच्छ बना है, बल्कि बच्चों में स्वच्छ आदतों का भी विकास हुआ है। इस उपलब्धि को विद्यालय के शिक्षकों, छात्रों और विद्यालय प्रबंधन समिति के सामूहिक परिश्रम का परिणाम माना जा रहा है। विद्यालय परिवार ने इस सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय को एक आदर्श शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित करने का प्रयास जारी है।


