सरैयाहाट (दुमका) । प्रखंड के मुडियार गांव, पोस्ट ककनी में 21 और 22 जनवरी को दुमका जिला संतमत सत्संग का 34वां वार्षिक अधिवेशन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहेगा। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत को लेकर समिति सक्रिय है। अधिवेशन में महर्षि मेंही आश्रम, कुप्पाघाट भागलपुर से पधार रहे पूज्य स्वामी भागीरथ दास जी महाराज एवं पूज्य स्वामी प्रमोद दास जी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा अपने प्रवचनों से भक्तों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। संतों के दर्शन और सत्संग लाभ को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
इस धार्मिक आयोजन में झारखंड के दुमका, गोड्डा, देवघर सहित अन्य जिलों के अलावा बिहार और पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। बाहर से आने वाले भक्तों के ठहराव और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। महर्षि मेंही आश्रम दुमका के व्यवस्थापक पूज्य स्वामी अरण्यानंद भिक्षु जी महाराज के मार्गदर्शन एवं दुमका जिला संतमत सत्संग समिति के सानिध्य में यह अधिवेशन ‘स्वच्छता और भक्ति’ के संकल्प के साथ आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों का मानना है कि यह अधिवेशन क्षेत्र में शांति, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को और सुदृढ़ करेगा।


