दौंड । महाराष्ट्र के दौंड में 7 जनवरी को हुए गैस सिलेंडर विस्फोट मामले में पांच की मौत हुई है। बता दें दौंड पाट्स रोड पर गिरिम की सीमा में स्थित एक होटल में हुए इस भीषण हादसे में 12 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे। इनमें से छह मजदूरों को गंभीर हालत में पुणे के अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान पांच मजदूरों ने दम तोड़ दिया।
मीडिया रिपोर्ट में पुलिस सब-इंस्पेक्टर ने मृतकों के नामों की आधिकारिक पुष्टि की है। मृतकों की पहचान दीपक भूपासिंग वर्मा (25), मनीराम अत्तरसिंह वर्मा (21), कुकरन कलमसिंह निषाद (14), कन्हैया बंगालीराम वर्मा (20) और रामप्रकाश कालीचरण वर्मा (24) के रूप में हुई है। सभी मृतक यूपी के आगरा के रहने वाले थे और होटल में मजदूरी कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक हादसे में झुलसे एक अन्य मजदूर ब्रजमोहन पुरुषोत्तम वर्मा का इलाज चल रहा है। मजदूर की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जांच अधिकारी पीएसआई अब्दुल बिदरी ने बताया कि गैस सिलेंडर फटने की यह घटना 7 जनवरी को होटल जगदंबा के किचन परिसर में हुई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी 12 झुलसे मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि होटल में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे गए थे, जिनका इस्तेमाल नियमों के खिलाफ किया जा रहा था। पुलिस ने घटनास्थल से 22 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं, जिनमें से 12 सिलेंडर गैर-कानूनी रूप से घरेलू इस्तेमाल के लिए रखे गए थे। इस मामले में होटल मालिक और मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।


