मासूम के सिर से उठा माँ का आँचल, आग तापने के दौरान झुलसी महिला ने तोड़ा दम
गोपीकांदर (दुमका): गोपीकांदर थाना क्षेत्र की ओड़मो पंचायत स्थित डहरटोला गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ ठंड से बचने के लिए आग तापने के दौरान 22 वर्षीय मेरी कुमारी की साड़ी में आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई थीं। कई दिनों तक मौत से जंग लड़ने के बाद बुधवार रात उनकी मृत्यु हो गई। शुक्रवार सुबह डहरटोला में ही उनका अंतिम संस्कार किया गया।
————–
इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिजनों ने बताया कि घटना बीते रविवार की है। आग की चपेट में आने के बाद पिता रामचंद्र मड़ैया उन्हें तत्काल निजी वाहन से दुमका स्थित फूलों झानों मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए। वहां स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। धनबाद में प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें बुधवार को घर ले आए थे, लेकिन रात में जलन और तकलीफ बढ़ने के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।
——–
छह माह का बच्चा हुआ अनाथ
मृतिका अपने पीछे छह माह का एक मासूम बेटा छोड़ गई है, जिसे माँ की मौत का अहसास तक नहीं है। पति दयाल मड़ैया ने बिलखते हुए बताया कि वे बंगाल में मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। दो साल पहले ही दोनों की शादी हुई थी।
——————
ससुराल जाने की खुशियाँ मातम में बदलीं
पति दयाल ने रोते हुए बताया कि उन्होंने योजना बनाई थी कि बसंत पंचमी सरस्वती पूजा के दिन मेरी कुमारी को विदा कराकर अपने घर बरहेट थाना क्षेत्र के सिमलडाब ले जाएंगे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जिस दिन घर में खुशियों की शहनाई गूंजनी थी, वहां अब चीख-पुकार मची है। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।


