दुमका। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका में पीएचडी नामांकन के लिए चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन एवं साक्षात्कार की प्रक्रिया शुक्रवार से प्रारंभ हो गई। यह प्रक्रिया 16 जनवरी से 20 जनवरी तक विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित की जा रही है, जिसमें विभिन्न विषयों के अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।
प्रथम दिन अंग्रेजी, इतिहास, गणित एवं संस्कृत विषयों के अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार एवं दस्तावेज सत्यापन का कार्यक्रम निर्धारित था। तय कार्यक्रम के अनुसार अंग्रेजी, इतिहास और गणित विषयों में साक्षात्कार एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई। वहीं अपरिहार्य कारणों से संस्कृत विषय में केवल दस्तावेज सत्यापन हो सका, जबकि साक्षात्कार आयोजित नहीं किया जा सका। संस्कृत विषय के साक्षात्कार की नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
पहले दिन गणित विषय में दस्तावेज सत्यापन के लिए मात्र दो अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि अंग्रेजी में 27, इतिहास में 29 और संस्कृत में 8 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। दस्तावेज सत्यापन प्रशासनिक भवन-1 में विश्वविद्यालय द्वारा गठित टीम के माध्यम से कराया गया, जबकि साक्षात्कार संबंधित स्नातकोत्तर विभागों में आयोजित हुए।
शनिवार को अंग्रेजी विषय के शेष अभ्यर्थियों के साथ-साथ हिंदी, इतिहास एवं अर्थशास्त्र विषयों के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार एवं दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुनुल कंदीर ने अकादमिक भवन पहुंचकर पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया और डीआरसी सदस्यों को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से साक्षात्कार संपन्न कराने के निर्देश दिए।
परीक्षा के ओएसडी डॉ. इंद्रनील मंडल ने बताया कि पीएचडी नामांकन को लेकर सभी विभागीय तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय द्वारा पीएचडी नामांकन हेतु योग्य पाए गए 421 अभ्यर्थियों की सूची पूर्व में ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जा चुकी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि व समय पर आवश्यक मूल प्रमाण-पत्र एवं उनकी स्वप्रमाणित छायाप्रतियों के साथ उपस्थित होने की अपील की है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


