रुद्राभिषेक के साथ जीत का आशीर्वाद, पंडा समाज से मांगा समर्थन
देवघर संताल एक्सप्रेस:-देवघर नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर महापौर प्रत्याशी व प्रख्यात समाजसेवी सूरज कुमार झा ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत बाबा बैद्यनाथ धाम से की। बाबा नगरी देवघर पहुंचकर उन्होंने मंदिर परिसर में पुरोहितों के सान्निध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं रुद्राभिषेक किया। इसके उपरांत सूरज झा ने बाबा बैद्यनाथ के गर्भगृह में जाकर पवित्र जल अर्पित किया और आगामी चुनाव में विजय प्राप्त करने का आशीर्वाद मांगा। बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद महापौर प्रत्याशी सूरज झा ने देवघर से ही अपने चुनावी शंखनाद को अमली जामा पहनाना शुरू कर दिया।
पूजा-अर्चना के पश्चात वे अपनी पत्नी के साथ बाबा मंदिर क्षेत्र में रहने वाले पंडा समाज के लोगों से एक-एक कर मिले। इस दौरान उन्होंने पंडा समाज से संवाद स्थापित करते हुए अपने पक्ष में समर्थन देने की अपील की और नगर निगम चुनाव को लेकर अपनी प्राथमिकताओं से अवगत कराया। सूरज कुमार झा ने बातचीत के दौरान कहा कि उन्होंने अब तक समाज के लिए जो भी कार्य किए हैं, वे पूरी तरह निस्वार्थ भाव से किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों की सामाजिक सेवा का फल मांगने के उद्देश्य से ही वे चुनावी मैदान में उतरे हैं। उन्होंने देवघर की जनता से अपील करते हुए कहा कि नगर के विकास के लिए स्वच्छ, सुंदर और जुझारू सोच रखने वाले प्रतिनिधि को चुनना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा बैद्यनाथ के आशीर्वाद और जनता के सहयोग से देवघर नगर निगम को एक नई दिशा मिलेगी। सूरज झा ने कहा कि यदि जनता ने उन्हें अवसर दिया तो वे देवघर को स्वच्छता, पारदर्शिता और समग्र विकास का आदर्श मॉडल बनाएंगे।


