देवघर। एसपी सौरभ की अध्यक्षता में मधुपुर अनुमंडल अंतर्गत आने वाले विभिन्न थानों से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में थानों की कार्यप्रणाली और लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक का उद्देश्य थाना स्तर पर लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार और आम जनता से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान को सुनिश्चित करना रहा।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मामलों की नियमित समीक्षा करें और अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। इस समीक्षा बैठक में पुलिस उपाधीक्षक साइबर अपराध, देवघर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मधुपुर, पुलिस निरीक्षक मधुपुर अंचल सहित मधुपुर, करौं, मारगोमुंडा, बुढ़ई, पथरौल थाना प्रभारी उपस्थित रहे। इसके अलावा देवघर के जन शिकायत कोषांग प्रभारी, अनुसंधान विंग तथा अपराध नियंत्रण एवं विश्लेषण विंग के पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में देवघर नगर थाना, जसीडीह थाना, कुंडा थाना एवं रिखिया थाना से जुड़े चयनित अनुसंधान विंग के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय, देवघर से संबंधित विभिन्न शाखाओं के प्रभारी भी बैठक में उपस्थित थे।


