चुनावी आदर्श आचार संहिता के तहत जांच
जालना । जालना शहर के छत्रपति संभाजीनगर चौफुली टोलनाके पर एसएसटी टीम और चंदनझिरा पुलिस ने नियमित गश्त के दौरान एक कार को रोका। वाहन की तलाशी में संदिग्ध बॉक्स मिला, जिसमें बड़ी मात्रा में नकदी होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने बॉक्स खोलने पर 98 लाख रुपए नकद पाया। इसे तुरंत चंदनझिरा पुलिस थाने में जमा कराया गया और पंचनामा तैयार किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी प्रोटोकॉल का पालन किया गया और वाहन चालक की पहचान की जा रही है। 10 लाख रुपये से अधिक नकद मिलने पर आयकर विभाग को सूचित करना अनिवार्य है, जिसके तहत उप आयकर निदेशक को जानकारी दी गई। जालना महानगरपालिका चुनाव के चलते शहर में 16 जनवरी तक आदर्श आचार संहिता लागू है। पुलिस और एसएसटी टीम लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नकदी के स्रोत और गंतव्य की जांच जारी है। आयकर विभाग और निर्वाचन आयोग को भी अपडेट दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने चिंता जताई कि चुनावी माहौल में इतनी बड़ी रकम का दुरुपयोग हो सकता है। प्रशासन ने सभी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने का भरोसा दिलाया।


