देवघर। जिलावासियों की समस्याओं के समाधान और त्वरित निष्पादन को लेकर डीसी नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देशानुसार समाहरणालय सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार की अध्यक्षता अपर समाहर्ता हीरा कुमार ने की। मौके पर जिलास्तर के सभी विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे, ताकि लोगों की समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान किया जा सके। जनता दरबार में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने भू अर्जन और मुआवजा भुगतान, अनुकंपा नियुक्ति, बिजली बिल माफी, झारखंड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, फसल बीमा योजना, भू राजस्व, पेंशन और आवास से जुड़े मामलों को रखा। अपर समाहर्ता ने एक एक कर सभी फरियादियों की बातें सुनीं और आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों की जांच कराते हुए शीघ्र समाधान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कई आवेदन शिकायत के रूप में प्राप्त हुए। सभी शिकायतों को सुनने के बाद अपर समाहर्ता ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आवेदनों की भौतिक जांच करते हुए जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि सभी मामलों में की गई कार्रवाई की प्रतिपुष्टि एक सप्ताह के भीतर उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि शिकायतों के निष्पादन की निगरानी की जा सके। जनता दरबार के दौरान जिला प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत कोषांग ओम प्रियदर्शी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


