देवघर। नगर विकास एवं आवास विभाग झारखंड सरकार के निर्देशानुसार नगर निगम देवघर द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर रोक को लेकर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तीसरे दिन भी शहर के विभिन्न इलाकों में सघन जांच की गई। जांच के दौरान अधिकांश बड़े प्रतिष्ठानों में सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग नहीं पाया गया, जिसे नगर निगम ने जागरूकता का सकारात्मक संकेत बताया। वहीं, कुछ छोटी दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग सामने आने पर संबंधित दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया और आगे से नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी गई।
नगर निगम के अनुसार, आज के अभियान में करीब 4.30 किलोग्राम सिंगल यूज़ प्लास्टिक जब्त किया गया है। जब्त प्लास्टिक को विधिवत निस्तारण के लिए भेजा जाएगा, ताकि पर्यावरण को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।
इस अभियान में नगर प्रबंधक सतीश कुमार, सुनील कुमार मेहता, दीपक कुमार महतो, प्रेम राज, स्वच्छ भारत मिशन के सहायक कर्मी मनोज कुमार गुप्ता, चंद्र किशोर झा, मुकेश यादव सहित नगर निगम के अन्य कर्मी शामिल रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


