नई दिल्ली । भारत की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन इंडिगो ने विमानन जगत में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने भारत का पहला एयरबस ए321एक्सएलआर (एक्स्ट्रा लॉन्ग रेंज) एयरक्राफ्ट अपने बेड़े में शामिल कर लिया है। हाल ही में यह आधुनिक विमान दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा, जिससे इंडिगो लंबी दूरी की नॉन-स्टॉप उड़ानें भरने वाली देश की पहली किफायती एयरलाइन बनने की दिशा में अग्रसर हो गई है। सोशल मीडिया पर विमान के आगमन का वीडियो साझा करते हुए कंपनी ने इसे भारतीय नागरिक उड्डयन के लिए एक गेम-चेंजर बताया है। यह विमान अपनी श्रेणी में दुनिया का सबसे लंबी दूरी तय करने वाला नैरो-बॉडी एयरक्राफ्ट माना जाता है।
ए321एक्सएलआर के जुड़ने से इंडिगो की परिचालन रणनीति में क्रांतिकारी बदलाव आने की उम्मीद है। अब तक मुख्य रूप से कम दूरी और मध्यम दूरी की उड़ानों (शॉर्ट और मीडियम हॉल) के लिए पहचानी जाने वाली यह एयरलाइन अब बिना रुके हजारों किलोमीटर का सफर तय कर सकेगी। इस विमान की मदद से दिल्ली या मुंबई जैसे शहरों से एथेंस, रोम या सियोल जैसे अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए सीधी उड़ानें संचालित करना संभव हो जाएगा। इससे यात्रियों को न केवल कम समय में लंबी दूरी तय करने का विकल्प मिलेगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय रूट पर प्रतिस्पर्धा बढ़ने से किराए में भी कमी आने की संभावना है।
इस विमान की सबसे बड़ी विशेषता इसकी ईंधन दक्षता है। एयरबस के अनुसार, ए321एक्सएलआर पुराने पीढ़ी के विमानों की तुलना में 30 प्रतिशत कम ईंधन की खपत करता है और उड़ान के दौरान होने वाले शोर को भी 50 प्रतिशत तक कम करता है। 44.41 मीटर लंबे इस विमान का अधिकतम टेक-ऑफ वजन 101.5 टन है। कम ईंधन खपत और लंबी दूरी तय करने की क्षमता के कारण यह एयरलाइन के लिए परिचालन लागत को कम करने में बेहद मददगार साबित होगा। इंडिगो ने भविष्य के लिए अपनी विस्तार योजनाओं को भी स्पष्ट कर दिया है। कंपनी का लक्ष्य अक्टूबर 2026 तक अपने बेड़े में चौड़ी बॉडी (वाइड-बॉडी) वाले विमानों की संख्या बढ़ाकर 60 तक पहुँचाने का है। वर्तमान में इंडिगो के पास 400 से अधिक विमानों का बेड़ा है और 900 से अधिक नए विमानों के ऑर्डर कतार में हैं। साल 2025 में 12.3 करोड़ से अधिक यात्रियों को सेवाएं देने के बाद, अब इंडिगो की नजरें वैश्विक बाजार पर टिकी हैं। नए बेड़े के साथ कंपनी भारत को एक वैश्विक विमानन हब के रूप में स्थापित करने की ओर मजबूती से कदम बढ़ा रही है।
बिना रुके 8,700 किमी का सफर
तकनीकी विशिष्टताओं की बात करें तो एयरबस ए321एक्सएलआर करीब 4,700 नॉटिकल मील (लगभग 8,700 किलोमीटर) की दूरी बिना रुके तय करने की क्षमता रखता है। यह विमान लगातार 11 घंटे तक आसमान में रह सकता है और एक साथ 244 यात्रियों को ले जा सकता है। इंडिगो ने इस विमान में यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए विशेष बदलाव किए हैं। इसमें आरामदायक चौड़ी सीटों के साथ-साथ प्रीमियम अनुभव के लिए बिजनेस क्लास का विकल्प भी दिया गया है। साथ ही, इन-फ्लाइट एंटरटेनमेंट और उन्नत कनेक्टिविटी सुविधाएं यात्रियों के सफर को और सुखद बनाएंगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


