कोडरमा । जिला मुख्यालय कोडरमा निवासी और सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी से 51 लाख रुपये की ठगी कर ली गयी है। साइबर फ्रॉड के इस मामले में बैंक ऑफ इंडिया से रिटायर्ड सुरेश प्रसाद गुप्ता से यह कहकर कि आपके नाम से खुले नए खाता से अवैध लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग हुआ है, उन्हें पत्नी समेत पूरे दो दिन तक ऑनलाइन हाउस अरेस्ट करके रखा गया और फिर फर्जी कोर्ट, अधिकारी, वकील दिखाकर मध्य प्रदेश के एक अकाउंट में 51 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में इनके जरिये कोडरमा थाना में मामला दर्ज कराया गया। थाना को दिए आवेदन में सुरेश प्रसाद गुप्ता ने कहा है कि उन्हें मोबाइल से आयशा पटेल ने फोन कर बताया कि मेरे आधारकार्ड से नया मोबाइल लिया गया है।

इस मोबाइल नम्बर से कैनरा बैंक दिल्ली में अकाउंट खोला गया है, जिसमें अवैध लेनदेन एवं मनी लॉन्ड्रिंग हुआ है। उन्हें बताया गया कि नरेश गोयल के साथ मिलकर दो महीने में 6.50 करोड का लेनदेन व मनी लॉन्ड्रिंग किया है। उसके बाद मोबाइल से यह बोला गया कि दिल्ली पुलिस तथा सीबीआई अधिकारी विजय खन्ना एवं सीबीआई एसपी समाधान पवार के द्वारा हाउस अरेस्ट पर रखा गया है। इस दौरान इन्हें वीडियो कॉल पर रखा गया और किसी से भी मिलने या बात करने से मना किया गया। फिर 2 दिसम्बर को सुबह 9 बजे सीबीआई जज के सामने पति पत्नी को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये हाजिर कराया गया। इस दौरान गुप्ता एवं उनकी पत्नी के बैंक में जमा रकम, गोल्ड, शेयर आदि की जानकारी देने को कहा। आदेश नहीं मानने पर जेल जाने एवं वारंट जारी करने कहकर डराया गया। फोन कर बैंक में जमा राशि की जानकारी ली और कहा कि अपना सभी एफडी तोडकर अपने खाता में जमा कर खाता की डिटेल भेज दीजिए ताकि आपके खाता की जांच कर सकें।
गुप्ता ने सभी एफडी तोड कर अपने अकाउंट में जमा किया। उसके बाद उनके कहे अनुसार 2 दिसम्बर को ही 42 लाख और 9 लाख यानि कुल 51 लाख रुपये मध्य प्रदेश के सेंधवा ब्रांच स्थित अकाउंट में आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर कर दिया। वह अकाउंट पतिमो पीएम इस्टेट्स एलएलपी के नाम से है। इस मामले में साइबर फ्रॉड के बाद श्री गुप्ता ने कुल 51 लाख की ठगी होने का मामला दर्ज कराया है। इस बाबत कोडरमा थाना में कांड संख्या 210/25 दर्ज किया गया है।



