नई दिल्ली । रात के समय मखाने और दूध का मिश्रण लेने को आयुर्वेद में अत्यंत लाभकारी माना गया है। ठंड के दिनों में यह मिश्रण शरीर को पोषण देता है, मस्तिष्क को शांति प्रदान करता है।। मखाने और दूध में भरपूर कैल्शियम, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं।
ये गुण न केवल शरीर को ताकत देते हैं बल्कि तनाव को कम करने और नींद को बेहतर बनाने में भी मदद करते हैं। दूध मखाने के पोषक तत्वों को शरीर में गहराई तक पहुंचाता है। इसे तैयार करने के लिए रात को सोने से लगभग एक घंटा पहले दूध में एक मुट्ठी मखाने डालकर उबालें और इसमें एक हरी इलायची मिलाएं। मिश्रण को कुछ देर ऐसे ही रहने दें और गुनगुना होने पर सेवन करें। यह मस्तिष्क और शरीर दोनों को लाभ पहुंचाता है। मखाने में शरीर की सूजन कम करने और हड्डियों को मजबूत बनाने की क्षमता होती है। इसके सेवन से जोड़ों और हड्डियों की कमजोरी में सुधार आता है। यह मिश्रण मानसिक शांति प्रदान करता है और नींद लाने वाले हार्मोन मेलाटोनिन के उत्पादन में मदद करता है, जिससे रात में गहरी और आरामदायक नींद आती है।
आयुर्वेद में इसे वृष्य औषधि भी कहा गया है, जो यौन शक्ति बढ़ाने और शरीर की कमजोरी दूर करने में सहायक होती है। आंखों की थकान को दूर करने में भी यह मिश्रण मददगार है। विशेष रूप से स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए यह मिश्रण अत्यंत लाभकारी है। यह न केवल मां और शिशु दोनों का पोषण करता है, बल्कि मां के शरीर में प्राकृतिक रूप से दूध का उत्पादन बढ़ाने और कैल्शियम की कमी को पूरा करने में भी मदद करता है। सर्दियों में रात को मखाने और दूध का सेवन करने से शरीर, हड्डियों और मस्तिष्क को गहन पोषण मिलता है। यह नींद को सुधारने के साथ-साथ पूरे शरीर को ऊर्जा और संतुलन प्रदान करता है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


