पुलिस ने सूचना पर मारा छापा, महिला समेत सात आरोपियों को दबोचा
पटना । बेऊर थाना क्षेत्र में जहां कोलकाता से नाबालिग लड़कियों को डांस प्रोग्राम के बहाने बुलाकर उनके साथ घिनौनी हरकत की गई। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के नेतृत्व में बेऊर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस जांच में सामने आया कि दुर्गा पूजा पर कोलकाता के एक व्यक्ति के जरिए नाबालिग लड़कियों को बुलाकर एक साजिश के तहत एक लड़की के साथ इस घिनौनी हरकत को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी ने बताया कि मामला विशुनपुर पकड़ी इलाके के को-ऑपरेटिव कॉलोनी का है, जहां डायल-112 से मिली सूचना के आधार पर पता चला कि एक मकान में नाबालिग लड़की के साथ कई लोगों ने दुष्कर्म किया। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम ने स्थल पर छापामारी कर सभी आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अशोक कुमार और शशि भूषण कुमार ने दुर्गा पूजा पर कोलकाता से डांस प्रोग्राम का आयोजन करने की योजना बनाई थी। इसके लिए उन्होंने कोलकाता के रॉनी से संपर्क किया, जिसके जरिए नाबालिग पीड़िता को मिलाकर तीन लड़कियों को बुलाया गया और एक कमरे में बंद कर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें अशोक कुमार (दानापुर), धीरज कुमार (कंकड़बाग), आर्यन कुमार (विशुनपुर पकड़ी), प्रिंस कुमार (बेऊर), शशि भूषण कुमार (बेऊर), सिंदु कुमार (विशुनपुर पकड़ी) और महिला आरोपी प्रिया विश्वास शामिल है।
घटनास्थल पर एक विशेष टीम मौके पर पहुंची और सबूतों को सुरक्षित कर लिया। पीड़िता द्वारा लिखित आवेदन पर बेऊर थाना में कांड दर्ज करते हुए नाबालिगों के यौन शोषण, साजिश और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।


