अमृतसर । पंजाब के अमृतसर के अजनाला में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक पिता ने अपनी पत्नी से बदला लेने के लिए अपने ही बच्चे का अपहरण किया। पीड़िता ज्योति का आरोप है कि उसके पति ने चार महीने पहले उनके छोटे बच्चे को घर से अगवा किया था। आरोपी पिता बच्चे को छोड़ने के लिए ज्योति से 4 लाख रुपये की फिरौती की मांग कर रहा है। वह धमकी दे रहा है कि अगर पैसे नहीं दिए गए, तब वहां बच्चे को मार देगा। ज्योति का कहना है कि उसका पति बच्चे को न सिर्फ पीट रहा है, बल्कि मेरे बच्चे को नशा देकर वीडियो भी भेज रहा है। परिवार का आरोप है कि बच्चा अमृतधारी था, लेकिन आरोपी पिता ने उसके बाल काट दिए, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं।
पीड़िता ज्योति और उसके परिवार ने चार महीने पहले ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस का कहना है कि वे इस मामले में कार्रवाई कर रहे हैं। जांच अधिकारी बलजीत सिंह के अनुसार, आरोपी जिस मोबाइल नंबर से कॉल कर रहा था, वह अब बंद हो गया है, जिससे उसकी लोकेशन का पता लगाना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। ग्रामीणों और पीड़िता के परिवार ने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि बच्चे को सुरक्षित वापस लाया जा सके और आरोपी को सजा मिल सके।


