मुंबई । अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह बचपन से ही काफी ऐशोआराम में रही हैं। उन्होंने अपने बेटे आर्यमान के ब्लॉग में अपनी जिंदगी के शुरुआती दिनों के बारे में बताया। कम लोग जानते हैं कि अर्चना के पिता अपराधिक वकील थे। उन्होंने बताया कि एक बार संजय गांधी के लिए केस लड़ा था। अर्चना बताती हैं कि उनके पिता ईमानदार और भोले थे। उन्हें लोग घूस देने आते, तब वे उन्हें भगा देते थे।
अर्चना ने बताया कि हम बंगले में रहते थे और मेरे पिता के पास इंपाला गाड़ी थी, उनके पास सारी फैंसी कारें थीं। यह सुनकर अर्चना का बेटा आर्यमान कहता, बंगला और फैंसी कार, आप अमीर थीं। अर्चना इसके बाद अपने पिता के बारे में बताती हैं, मेरे डैड ने एक बार संजय गांधी को कोर्ट में बचाया था। वे एक क्रिमिनल वकील थे और इसके बावजूद बहुत भोले और दयालु-हृदय के थे। उनका ही ह्यूमर मुझे और तुमको मिला है। वह एक महान इंसान थे। जब उनका निधन हुआ, तब अंतिम संस्कार में पूरा देहरादून इकट्ठा हुआ था। वह प्रोफेशनल थे और सिर्फ अपना काम जानते थे। उन्होंने अपने वक्त के बड़े क्रिमिनल्स को बचाया था लेकिन नहीं चाहते थे कि उनके बच्चे वकील बनें क्योंकि उन्हें लगा कि आपको अपनी आत्मा बेचनी पड़ती है।
अर्चना ने बताया कि उनके पिता को अक्सर घूस का ऑफर आता था। वह बोलीं, एक बार मैंने देखा कि कोई उनके लिए थैले में भरकर पैसा लाया था। मेरे पिता ने उन्हें पैसे लेकर दफा हो जाने के लिए कहा। उनमें ईमानदारी थी और मुझे भी वहीं सिखाया।


