हम नहीं चाहते कि अवमानना अधिकार क्षेत्र का इस्तेमाल राजनीतिक बदला लेने के लिए किया जाए : जस्टिस गवई
नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को झारखंड के पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता की नियुक्ति को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई की। यह मामला सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की पीठ, मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई, जस्टिस के. विनोद चंद्रन और जस्टिस एन.वी. अनजारिया के समक्ष पेश हुआ।सुनवाई के दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा दायर की गई अवमानना याचिका पर विचार किया गया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को निपटाने के लिए अवमानना अधिकार क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।

सीजेआई जस्टिस बीआर गवई ने कहा, झारखंड मामले में, हम नहीं चाहते कि अवमानना अधिकार क्षेत्र का इस्तेमाल राजनीतिक बदला लेने के लिए किया जाए। अगर आपको किसी विशेष नियुक्ति से कोई समस्या है तो कैट (केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण) जाएं। मैं बार-बार कहता रहा हूं कि अगर आपको अपना राजनीतिक बदला लेना है तो मतदाताओं के पास जाएं। इस टिप्पणी के साथ ही सीजेआई की पीठ ने अखिल भारतीय आदिवासी विकास समिति झारखंड और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी की अवमानना याचिका पर विचार करने से मना कर दिया। सीजेआई ने कहा, जनहित याचिका तंत्र वंचित वर्गों को न्याय तक पहुंच प्रदान करने के लिए तैयार किया गया था। यह प्रतिस्पर्धी अधिकारियों के बीच पदोन्नति या नियुक्तियों को चुनौती देने का साधन नहीं हो सकता। मरांडी ने अपनी याचिका में दावा किया था कि अनुराग गुप्ता की नियुक्ति सुप्रीम कोर्ट के प्रकाश सिंह बनाम केंद्र सरकार मामले में दिए गए दिशा-निर्देशों के खिलाफ की गई है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गुप्ता की नियुक्ति के लिए यूपीएससी द्वारा तैयार पैनल में शामिल अधिकारी को अनुचित ढंग से पद से हटाया गया।हालांकि, सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने राज्य सरकार की ओर से पक्ष रखते हुए कहा कि डीजीपी की नियुक्ति राज्य सरकार का विशेषाधिकार है और यह नियुक्ति नियमानुसार की गई है। सुप्रीम कोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद बाबूलाल मरांडी की अवमानना याचिका को खारिज कर दिया, जिससे अनुराग गुप्ता को बड़ी राहत मिली है। अदालत ने माना कि नियुक्ति में किसी प्रकार की अवमानना नहीं हुई है।इस निर्णय के बाद अनुराग गुप्ता की डीजीपी पद पर नियुक्ति को सुप्रीम कोर्ट की वैधानिक मान्यता मिल गई है।
इस खबर को भी पढ़े –बालिका आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में लगी आग
इस खबर को भी पढ़े –सीएम हेमंत सोरेन के पास रहेगा स्कूली शिक्षा और निबंधन विभाग
इस खबर को भी पढ़े –सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामला : मुख्य सचिव, डीजीपी, गोड्डा के डीसी व एसपी को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का नोटिस





