नई दिल्ली । अगले माह 9 सितंबर को उपराष्ट्रपति का चुनाव होने जा रहा है। इसके लिए एनडीए ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया है। वोटों की संख्या के आधार पर माना जा रहा है कि राधाकृष्णन की जीत लगभग तय है। इसके बाद भी विपक्ष संभवता अपना उम्मीदवार उतार सकता है। इससे पहले विपक्षी गठबंधन के सामने कई तरह की चुनौतियां खड़ी हो गई है। एनडीए का कहना है कि विपक्ष से बात करके उनका समर्थन मांगेंगे। कोशिश करेंगे कि चुनाव निर्विरोध हो जाए।
वहीं जानकारों का मानना है कि एनडीए के इस दांव से विपक्षी दलों के सामने कुछ चुनौतियां जरुर खड़ी हुई हैं। खासतौर से तमिलनाडू में डीएमके के लिए। जहां ओबीसी के नेता का विरोध करना इनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। इसी तरह दूसरे दलों को भी विरोध करने में ओबीसी फैक्टर दिक्कतें खड़ीं कर सकता है। वहीं सूत्रों के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को कॉल कर एनडीए के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन के लिए समर्थन मांगा है। एनडीए के नेताओं ने खुलकर समर्थन का ऐलान भी किया है। बीजेपी चाहती है कि विपक्ष के साथ आम सहमति बन जाए ताकि चुनाव न कराना पड़े। इसलिए राजनाथ सिंह विपक्ष से बातचीत में लग गए हैं। खरगे का क्या जवाब रहा, इस पर कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
जीते के लिए चाहिए 391 वोट
543 सदस्यीय लोकसभा में 542 सदस्य अभी मौजूद, बंगाल की एक सीट खाली है। इसी तरह 245 सदस्यीय राज्यसभा में 6 सीटें खाली, जिनमें से 4 जम्मू-कश्मीर, 1 पंजाब और 1 झारखंड से हैं। और 239 वोट हैं। इस तरह कुल 781 वोट होंगे उपराष्ट्रपति चुनाव में होंगे। इसमें एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन की स्थिति को देखें तो 293 सदस्यों का लोकसभा में और 129 का राज्यसभा में समर्थन प्राप्त है। इस तरह 422 सदस्य राधाकृष्णन के समर्थन में होंगे, जिससे उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है।






