दुमका । जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के बबनखेता गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहलाने वाली घटना प्रकाश में आई है। जहां ईंट के दीवार से दबकर एक 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। जबकि उसकी 12 वर्षीय बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतक इसी गांव के निवासी पप्पू यादव का पुत्र अमन कुमार है। जबकि घायल किशोरी उनकी पुत्री मौसम कुमारी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह मौसम कुमारी घर के बरामदे पर स्थित रसोई में चाय बना रही थी और उसका छोटा भाई अमन बिस्कुट लेकर चाय बनने का इंतजार कर रहा था। इसी बीच रसोई घर का दीवार दोनों मासूम बच्चों के ऊपर गिर गया। हादसे में दोनों बच्चे दीवार के मलबे में दब गए। जैसे ही घर वाले को दीवार गिरने की आवाज सुनाई पड़ी सभी लोग दौड़कर किचन के पास पहुंचे और गिरे मलबे को हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। जिसके तुरंत बाद दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरैयाहाट ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने अमन कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि मौसम कुमारी की नाजुक हालत को देखते हुए देवघर रेफर कर दिया गया।