नई दिल्ली । केंद्र एवं राज्य सरकारें डिजिटल तकनीकी का जोर जोर से प्रचार करती हैं। बार-बार सरकारें दावा करती हैं। उन्होंने सरकारी योजनाओं में हो रहे भ्रष्टाचार तथा घपले घोटालों को रोक लगा दी है। सरकार जितने भी प्रयास सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए करती है। कुछ ही दिनों में अपराधी उसका तोड़ निकाल लेते हैं।

बायोमेट्रिक के जरिए पूरे देश में मुफ्त का राशन बांटा जा रहा है। हर माह देश के सभी राज्यों में अरबों रुपए का राशन गरीबों के नाम पर बांटा जा रहा है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के दुकानदारों द्वारा फिंगरप्रिंट के क्लोन तैयार कर हर माह लाखों रुपए का सार्वजनिक वितरण प्रणाली का राशन सार्वजनिक वितरण प्रणाली के दुकानदारों द्वारा खुले बाजारों में बेचा जा रहा है।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली में जो राशन बांटा जा रहा है। उसके लिए बड़े पैमाने पर बोगस राशन कार्ड भी बनाए गए हैं। इसमें सरकारी अधिकारियों और राजनेताओं की मिलीभगत होती है। बोगस फिंगरप्रिंट तैयार कर उनके क्लोन तैयार करके बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से हर राज्य में बड़े पैमाने पर मुफ्त राशन की कालाबाजारी हो रही है। जिसमें केंद्र एवं राज्य सरकारों को करोड़ों रुपए महीने का नुकसान हो रहा है।
केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा बायोमेट्रिक हाजिरी से लेकर तरह-तरह के जो प्रयोग किए जा रहे हैं। वह सब हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। निर्वाध रूप से भ्रष्टाचार करने के डिजिटल तकनीकी और बायोमेट्रिक को भ्रष्टाचार करने के लिए सुरक्षित साधन बना लिया गया है।
हाल ही में राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में एक फर्जीवाडा उजागर हुआ है। जिसमें 300 से लेकर 500 रूपये में सिलिकॉन से तैयार फिंगर क्लोन आसानी से बनाये जा रहे हैं। इस तरह की धोखाधड़ी सभी राज्यों में हो रही है। फिंगर क्लोन का सभी सरकारी योजनाओं पर बड़े पैमाने पर उपयोग करके सरकारी योजनाओं में पलीता लगाया जा रहा है। खुलेआम बायो मेट्रिक के नाम पर अरबों रुपए प्रतिमाह की लूट और गड़बड़ियां बड़े पैमाने पर सभी राज्यों में हो रही हैं। सिलिकॉन रबर के फिंगर क्लोन ओरिजिनल से अच्छे काम करते हैं। सिलिकॉन रबर से जो फिंगर क्लोन तैयार किया जा रहे हैं। वह मूल फिंगर की तुलना में बेहतर तरीके से काम करते हैं।
बैंकों में भी फर्जी क्लोन का इस्तेमाल बढ़िया तरीके से हो रहा है। आधार नंबर के जरिए बैंकों ने फिंगर प्रिंट की सहायता से 10000 रूपये तक नगद निकलने की सुविधा दी गई है। इसका बड़े पैमाने पर दुरुपयोग और धोखाधड़ी शुरू हो गई है। जो फिंगर क्लोन तैयार हो रहे हैं। उसका बड़े पैमाने पर बायोमेट्रिक हाजिरी, आधार सत्यापन, बैंक खाते के सत्यापन, सार्वजनिक वितरण प्रणाली की राशन दुकानों से राशन लेने, मनरेगा, एवं अन्य सरकारी योजनाओं में बड़े पैमाने में उपयोग में किया जा रहा है।
क्लोन बनाने के लिए खाली कागज पर अंगूठे का निशान लिया जाता है। इसके बाद स्कैनर की मदद से स्कैन कॉपी तैयार की जाती है। फोटोशाप के जरिए इमेज को क्लियर किया जाता है। 3D इमेज तैयार की जाती है। पॉलीमर केमिकल के जरिए मशीन से फिंगरप्रिंट की इमेज पोस्ट तैयार की जाती है। इसके बाद सिलिकॉन रबर पर अंगूठे का प्रिंट तैयार किया जाता है।
यह सिलिकॉन क्लोन इतने सटीक तरीके से तैयार होता है। कोई भी वायौमेट्रिक मशीन इसे पकड़ नहीं पाती है। जिसके कारण अब सभी सरकारी डिजिटल योजनाओं में बायोमेट्रिक प्रणाली से जो योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उनमें संयोजित रूप से करोड़ों अरबो रुपए का घपला घोटाला हो रहा है। डिजिटल के नाम पर सुरक्षित रूप से घपले घोटाले करने का यह नया तरीका निकाला गया है। देशभर में इसकी बड़ी चर्चा हो रही है।





