मुंबई । मस्कट से मुंबई आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट में एक थाई महिला ने सफलतापूर्वक बच्चे को जन्म दिया। फ्लाइट के दौरान महिला को अचानक लेबर पेन शुरू हुआ, जिसके बाद केबिन क्रू ने तुरंत स्थिति को संभाला और नॉर्मल डिलीवरी करवाई।
एयरलाइन के अनुसार, मस्कट से मुंबई आ रही फ्लाइट में गुरुवार को एक थाई महिला को लेबर पेन शुरु हो गया। इसे देखते हुए प्लेन में मौजूद एक प्रशिक्षित नर्स ने भी डिलीवरी में केबिन क्रू की सहायता की। पायलटों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुंबई एयर ट्रैफिक कंट्रोल से प्राथमिकता के आधार पर जल्दी लैंडिंग की अनुमति मांगी, जिससे मां और नवजात को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सके। एयरलाइन ने बताया कि फ्लाइट के लैंड करते ही मां और बच्चे को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत स्थिर बताई गई है। एयरलाइन का एक स्टाफ सदस्य भी उनके साथ अस्पताल गया।
केबिन क्रू को मिलती है विशेष मेडिकल ट्रेनिंग
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने एक बयान में कहा कि उनके केबिन क्रू को ऐसे आपातकालीन हालात से निपटने के लिए विशेष मेडिकल ट्रेनिंग दी जाती है। इसी कारण से यह डिलीवरी सुरक्षित रूप से संभव हो सकी। एयरलाइन ने थाईलैंड के मुंबई स्थित वाणिज्य दूतावास से भी संपर्क किया है, ताकि मां और बच्चे की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके। यह घटना मानवता और प्रोफेशनल ट्रेनिंग का एक मिसाल बन गई है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


