चंदन के पिता ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टर के खिलाफ कराई एफआईआर
बक्सर । पटना के अस्पताल में मारे गए गैंगस्टर चंदन मिश्रा का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव सोनवर्षा के पास गंगा घाट पर किया गया। जहां लोगों की भीड़ जमा थी। चंदन के पिता श्रीकांत मिश्रा ने चंदन मिश्रा को मुखाग्नि दी। बता दें चंदन का शव पोस्टमॉर्टम के बाद गांव ले जाया गया था। तभी से इलाके के लोगों का जमावड़ा शुरू हो गया था।
जानकारी के मुताबिक घटना में चार गोलियां लगने की बात सामने आ रही थी, लेकिन चंदन पर चार नहीं, बल्कि 36 गोलियां चलाई गई थीं। चंदन के शव के पोस्टमॉर्टम में साथ गए एक व्यक्ति ने बताया चंदन के शरीर से 32 गोलियां निकली हैं। जो कंधे से पैर के बीच मारी गई थीं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पांच की संख्या में हथियार से लैस बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में वारदात को अंजाम दिया। इधर हत्याकांड में पुलिस कार्रवाई कर रही है। मुख्य शूटर तौफीस को हत्या वाले दिन ही देर शाम गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं पश्चिम बंगाल से 9 बदमाशों को हिरासत लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। उधर बिहार एसटीएफ की टीम बंगाल एसटीएफ के साथ मिलकर पुरुलिया जेल में बंद शेरू सिंह से पूछताछ कर रही है। चंदन मिश्रा के पिता श्रीकांत मिश्रा ने अस्पताल प्रशासन और जनरल सर्जन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें हत्या की साजिश का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि चंदन मिश्रा को 15 जुलाई को फिस्टुला और लेप्रोस्कोपिक सर्जरी के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था। उसी दिन दोपहर 1 से 3 बजे के बीच उसका ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद डॉक्टर ने कहा कि चंदन को 16 जुलाई को शाम 4 बजे डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। बाद में डिस्चार्ज की तारीख बढ़ाकर 17 जुलाई कर दी। श्रीकांत का आरोप है कि 17 जुलाई की सुबह करीब 7:15 बजे पांच हथियारबंद अपराधियों ने अस्पताल के आईसीयू में घुसकर चंदन की गोली मारकर हत्या कर दी।


