●बारिश से बचाव के लिए बनाया गया शेड बारिश में ही टिक न सका
●बासुकीनाथ में छाया शेड के निर्माण की गुणवत्ता पर उठा सवाल
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका। बासुकीनाथ में एक माह तक चलने वाले राजकीय श्रावणी मेला के शुरू होने के महज कुछ ही दिन हुए हैं। मंदिर जाने के कांवरिया रूट लाईन मार्ग में बाबा आश्रम से तारा मंदिर मोड़़ के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया छाया शेड मंगलवार की सुबह गिर गया जिसमें 7 कांवरिये घायल हो गए।मंगलवार को सुबह हुए इस हादसा के समय छाया शेड पंडाल में अच्छी संख्या में कांवरिये कतार में लगे थे।रात से हो रही बारिश में यह छाया शेड टिक नहीं सका। करीब 450 फीट लम्बाई वाला यह छाया शेड जब गिरा तब बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे और जलार्पण के लिए मंदिर की ओर बढ़ रहे थे।
हालांकि हादसा में घायल 7 कांवरियों में 6 को अस्पताल से छुट्टी मिल गई पर छाया शेड गिरने की इस घटना से बासुकीनाथ श्रावणी मेला की व्यवस्था को लेकर किये जा रहे प्रशासनिक दावों की पोल खुल गई है।सोमवार की शाम से ही बारिश हो रही थी।छाया शेड गिरने का कारण बारिश ही बताया जा रहा है पर सवाल है कि इस शेड का निर्माण ही कांवरियों को बारिश एवं धूप से बचाव के लिए किया गया था।बारिश से बचाव के लिए तैयार किया गया शेड अगर बारिश से ही गिर जाए तो साफ है इसके निर्माण में गुणवत्ता की कमी थी।घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है पर मेला की व्यवस्था से जुड़ा कोई अधिकारी इस मामले में कुछ बोलने को तैयार नहीं है।यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए छाया शेड के एक रात की बारिश से गिर जाने से निर्माण की गुणवत्ता के स्तर का पता चलता है।पता चला है कि शेड निर्माण का यह काम दुमका के एक टेंट हाउस संवेदक को मिला है।
–
मामले में सनहा दर्ज
जरमुंडी थाना के थाना प्रभारी श्यामनंद मंडल ने बताया कि यह एक प्राकृतिक घटना है। लगातार बारिश होने से यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया छाया शेड गिर गया। मामले को लेकर पुलिस स्वत: सनहा दर्ज कर ली है । पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

बासुकीनाथ में व्यवस्था चाक चौबंद करे सरकार:रघुवर दास
बासुकीनाथ श्रावणी मेला में छाया शेड गिरने से कांवरियों के घायल होने पर रघुवर-बाबूलाल ने जताई चिंता
विशेष संवाददाता
दुमका।बासुकीनाथ श्रावणी मेला में मंगलवार को कांवरिया रुट लाइन में छाया शेड के गिर जाने से कांवरियों के घायल होने की घटना पर दो पूर्व मुख्यमंत्रियों रघुवर दास और बाबूलाल मरांडी ने चिंता जताते हुए सरकार से व्यवस्था को दुरुस्त करने का सुझाव दिया है।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि बासुकीनाथ धाम में आज कांवरियों के लिए बनाए गए टेंट के गिरने से कुछ कांवरियों के घायल होने की सूचना मिली। भोलेनाथ की कृपा से बड़ी अनहोनी टल गई है।रघुवर दास ने कहा कि श्रावणी मेले में देशभर से श्रद्धालु झारखंड आते हैं। यह मेला श्रद्धा के साथ साथ झारखंड की छवि से भी जुड़ा है। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार इस घटना से सबक ले और व्यवस्था को चाक चौबंद करे ताकि भविष्य में ऐसी घटना से बचा जा सके।
———————————————————-
सभी टेंट की मजबूती की जांच कराएं:मरांडी
इधर पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बासुकीनाथ धाम में टेंट के गिरने से कांवरियों के घायल होने की सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन घायल कांवरियों के समुचित इलाज की व्यवस्था करे और मार्ग में लगाए गए सभी टेंट की मजबूती की जांच करे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर श्री मरांडी ने लिखा है कि बाबा बैद्यनाथ से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।



