देवघर। श्रावणी मेला 2025 की पहली सोमवारी को बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा। भक्तों की कतारें अहले सुबह चार बजे से ही नगर के विभिन्न मार्गों पर देखी गईं, जो बढ़ते-बढ़ते चमारीडीह पुल तक पहुँच गईं। निर्धारित समयानुसार जलार्पण प्रक्रिया सुबह 04:12 बजे से प्रारंभ हुई और देर शाम तक जारी रही।।बाबा को जल अर्पित करने की श्रद्धा लिए कुल 2,26,264 श्रद्धालुओं ने कतार में खड़े होकर जलार्पण किया।

इनमें से 87,279 श्रद्धालुओं ने बाह्य अर्घा से तथा 1,38,985 श्रद्धालुओं ने आंतरिक अर्घा से जल चढ़ाया। कांवडिय़ों की संख्या और उनकी उत्साही भागीदारी ने मेला क्षेत्र को आस्था और श्रद्धा के रंग में रंग दिया। वृहद संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बावजूद प्रशासन की ओर से मेला प्रबंधन में कहीं कोई बड़ी चूक नहीं देखी गई। सुरक्षा, जल आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधा तथा मार्गव्यवस्था जैसे आवश्यक पहलुओं पर सतर्कता बरती गई, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिली और जलार्पण निर्विघ्न रूप से संपन्न हुआ। राजकीय श्रावणी मेला 2025 के प्रथम सोमवारी को लेकर डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने संपूर्ण मेला क्षेत्र में पडऩे वाले रूटलाइन का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने नेहरू पार्क स्थित आईएमसीआर कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया तथा मेला को लेकर की गई तैयारियों की वस्तुस्थिति से अवगत हुए। डीसी ने अपने एक्स अकाउंट में बाबा मंदिर का वीडियो भी शेयर किया जिसमें बाब मंदिर का भव्य नजारा देखा जा सकता है।
पहली सोमवारी को बासुकीनाथ धाम में उमड़ा भक्तों का सैलाब, चार किलोमीटर तक कतर में दिखे श्रद्धालु
दुमका । दुमका के विश्व प्रसिद्ध बाबा बासुकिनाथ धाम में आज सावन की पहली सोमवारी के दिन भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरा बासुकिनाथ मंदिर परिसर शिवमय हो गया। अहले सुबह मंदिर का पट खुलते ही काँवरियो की लम्बी कतार लग गयी और धीरे धीरे काँवरियो की कतार बढती चली गयी। करीब चार किलोमीटर तक काँवरियो की लम्बी कतार लग गई। पूरा मंदिर परिसर केसरियामय हो गया। बाबा बासुकिनाथ का जलाभिषेक करने के लिए काँवरियो का हुजूम उमड़ पड़ा था।महिला-पुरुष और बच्चे सभी जलाभिषेक करने को उत्सुक थे।हजारो की तादाद में उमड़ी भीड़ को नियंत्रण करने के लिए सुरक्षा की भी तगड़ी व्यवस्था की गयी थी। सावन में भगवान शिव पर जलार्पण करने की परम्परा हैं और कामनालिंग बाबा वैद्यनाथधाम पर 105 किलोमीटर की कठिन यात्रा कर देश-विदेश के श्रद्धालु कंधे पर कांवर लेकर आते है।
बाबा वैद्यनाथधाम पर जलार्पण करने के बाद कांवरिये फौजदारी बाबा बासुकिनाथ के दरबार में भी हाजिरी लगाते हैं। माना जाता है कि बाबा बैधनाथ को गंगा जल अर्पण के बाद बाबा बासुकीनाथ को भी गंगा जल अर्पण किया जाता है, तभी कावरियों का यात्रा पूरी मानी जाती है। बाबा बासुकीनाथ को को गंगा जल अर्पण करने बिहार के भागलपुर जिले के बरारी गंगा घाट से काफी संख्या में डाक बम बासुकीनाथ पहुंचे।सावन के महीने में भगवान शिव पर जलार्पण करने की काफी पुरानी परम्परा हैं। खासकर सावन में सोमवार के दिन भगवान शिव पर जलार्पण करना काफी शुभ और जल्द ही मनोकामना पूरी होनेवाला दिन माना जाता हैं।वहीं प्रशासन कल रात से ही मेला क्षेत्र और मंदिर परिसर पर विशेष निगरानी रख रहा है।इस बार मेला क्षेत्र में कई नई व्यवस्था की गई है। उप विकास आयुक्त अनिकेत सचन ने बताया कि इस बार कांवरिया रूट को लंबा किया गया है, ताकि कतार को विस्तार मिल सके। कतर में लगे कांवरिया के लिए सेट पानी और सफाई की पूरी व्यवस्था की गई है।शिवगंगा में भी बैरिकेडिंग की गई है, ताकि कोई गहरे पानी में ना जा सके।



