जामताड़ा : चितरा कोलियरी क्षेत्र में डंपर चालकों और मालिकों के रोजगार संकट पर भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को उन्होंने सैकड़ों लोगों के साथ चितरा कोलियरी प्रबंधन के खिलाफ जोरदार विरोध मार्च निकाला। समाज कल्याण कार्यालय से एसडीओ कार्यालय तक निकले इस मार्च में लोगों ने बैनर और पोस्टर के साथ प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारे लगाए।

एसडीओ कार्यालय पहुंचकर वीरेंद्र मंडल की अगुवाई में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार को ज्ञापन सौंपा और अपनी मांगें स्पष्ट कीं। वीरेंद्र मंडल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 16 जुलाई तक पुराने सिस्टम के मुताबिक डंपर चालकों को काम नहीं दिया गया तो चितरा रेलवे साइडिंग को पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बीते चार दशक से हजारों परिवार इसी परिवहन कार्य से जीवन यापन कर रहे हैं। चालक, मालिक, हेल्पर से लेकर मैकेनिक और दुकानदार तक इस व्यवस्था से जुड़े हैं। अगर हाईवा ट्रक से कोयला ढुलाई शुरू हुई तो यह सीधे-सीधे स्थानीय परिवारों के पेट पर लात मारने जैसा होगा। मंडल ने साफ कर दिया कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो चितरा क्षेत्र में बड़ा आंदोलन होगा। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष सिर्फ डंपर मालिकों का नहीं बल्कि पूरे इलाके की आजीविका बचाने की लड़ाई है और इसे किसी भी हाल में पीछे नहीं हटने दिया जाएगा।



