गोड्डा । साहिबगंज के भोगनाडीह में हुए उपद्रव के मामले में गोड्डा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दावा किया है कि ये दोनों आरोपी उपद्रव के मास्टरमाइंड हैं। गिरफ्तारी गोड्डा नगर क्षेत्र से हुई है, जहां से इनके पास से तीन हथियार और गोली भी बरामद किए गए हैं। गोड्डा एसपी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले का खुलासा किया। ऐसा कहा जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्ति राजनीतिक रूप से प्रभावशाली हैं और पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता चंपाई सोरेन के करीबी माने जाते हैं।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार लोग बरहेट, बोरियो, साहिबगंज में 20 जून से एक्टिव थे। ये जमशेदपुर में रहते हैं और इस एरिया में घूम रहे थे तो कहीं ना कहीं इनकी मंशा थी कि हूल दिवस के दिन कुछ गलत किया जा सके। गिरफ्तार लोगों में एक का नाम सुधीर कुमार है और दूसरे का नाम गणेश मंडल है। सोमवार को हूल दिवस के मौके पर भोगनाडीह में सीदो कान्हु पार्क में पूजा करने को लेकर शहीद के वंशज और पुलिस के बीच झड़प हुई। इस झड़प में आदिवासियों ने तीर धनुष से हमला किया तो हालत को कंट्रोल में करने के लिए पुलिस ने आँसू गैस के गोले दागे और लाठी चार्ज कर सभी को खदेड़ा था।



