“मैं जनता का सेवक हूं, मंत्री नहीं” : डॉ. इरफान अंसारी
कार्यकर्ता ही कांग्रेस की असली ताकत हैं” प्रदेश अध्यक्ष
“मोदी सरकार का सफाया तय : पूर्व सांसद फुरकान अंसारी”
जामताड़ा –झारखंड के जामताड़ा जिले के दुलाडीह में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का ऐतिहासिक जमावड़ा देखने को मिला। कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित विशेष कार्यकर्ता सम्मेलन में हज़ारों की संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि कांग्रेस का झारखंड में जनाधार अडिग, मजबूत और लगातार बढ़ता हुआ है। कार्यक्रम के केंद्र में रहे झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी श्री के. राजू, जिनका जामताड़ा में यह पहला दौरा था। जैसे ही वे नगर भवन पहुंचे, पूरा परिसर ढोल-नगाड़ों, जयकारों और पारंपरिक स्वागत गीतों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं में उत्साह चरम पर था। कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस के वज्र स्तंभ प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, खिजरी विधायक राजेश कच्छप, पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख और प्रदीप बालमुचू जैसे वरिष्ठ नेता — जिनकी उपस्थिति ने साफ कर दिया कि कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ 2025 की लड़ाई के लिए तैयार है।
अपने ओजस्वी भाषण में श्री के. राजू ने कहा की “झारखंड की माटी परिवर्तन की प्रतीक है। कांग्रेस की विचारधारा इस राज्य की रग-रग में है। हमें जाति-धर्म से ऊपर उठकर काम करना है — इस बार नफरत नहीं, मोहब्बत और विकास जीतेगा!”
आगे उन्होंने महागठबंधन की आगामी जीत का भरोसा दिलाते हुए कहा कि “जोश जामताड़ा से दिख रहा है, जीत विधानसभा से लेकर दिल्ली तक सुनाई देगी!” पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश को भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से मुक्त कराने के लिए हम सभी को एकजुट होना होगा। कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो राहुल गांधी जी के नेतृत्व में नरेंद्र मोदी और भाजपा की विघटनकारी राजनीति का निर्णायक रूप से मुकाबला कर सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज हमारा संविधान खतरे में है और यह खतरा सीधे तौर पर भाजपा से है। अगर संविधान सुरक्षित रहेगा तभी देश की लोकतांत्रिक ताकत और आम जनता का अधिकार भी सुरक्षित रह सकेगा।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का भाषण कार्यकर्ताओं में बिजली की तरह दौड़ा। उन्होंने गरजते हुए कहा की “मैंने एक साल में पाँच साल का काम कर दिखाया है। मैं दिन-रात जनता के बीच हूं — विपक्ष सिर्फ फोटो खिंचवा रहा है, मैं ज़मीन पर पसीना बहा रहा हूं!” उनके भाषण पर बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट और “इरफान भैया ज़िंदाबाद” के नारों ने हॉल को रणक्षेत्र में बदल दिया। केशव महतो कमलेश ने कहा की “आप सभी की मेहनत और प्रतिबद्धता से कांग्रेस फिर सत्ता में आएगी। जो आज यहां मौजूद हैं, वही कल झारखंड की नई तस्वीर गढ़ेंगे।”
विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छाप ने कहा कि भाजपा की नीतियाँ देश को बाँटने का काम कर रही हैं। देश की एकता, संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस का मजबूत होना जरूरी है। राहुल गांधी जी का नेतृत्व देश में नया भरोसा जगा रहा है।
हम सबको मिलकर भाजपा की विभाजनकारी राजनीति का डटकर मुकाबला करना होगा।* सम्मेलन में पारंपरिक वेशभूषा में आईं महिलाओं ने जिस जोश और गरिमा से भागीदारी निभाई, उसने कांग्रेस की सामाजिक समरसता की झलक दी। यह महिला सशक्तिकरण नहीं, महिला नेतृत्व की शुरुआत है।
सम्मेलन के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकमत होकर संकल्प लिया — “पार्टी से ऊपर कुछ नहीं। कांग्रेस की नीतियां हर गांव, हर गली तक पहुंचाई जाएंगी और झूठ व नफरत की राजनीति को करारा जवाब दिया जाएगा!”
जामताड़ा से निकली यह जनशक्ति की लहर जल्द ही पूरे झारखंड में कांग्रेस के लिए सुनामी बनकर उभरेगी। यह सिर्फ सम्मेलन नहीं था, यह देश के आगामी राजनीतिक परिवर्तन की घोषणा थी। कांग्रेस एकजुट है। जनता हमारे साथ है। और इस बार… देश में सत्ता परिवर्तन होकर रहेगा