नई दिल्ली । कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज 19 जून को 55 वर्ष के हो गए। इस अवसर पर राजनीतिक हलकों में उनके अब तक के सफर और भविष्य की दिशा को लेकर चर्चाएं तेज हैं। देश की सबसे पुरानी पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का प्रमुख चेहरा बनने तक का राहुल गांधी का सफर आसान नहीं रहा। 2004 से लेकर 2024 तक उन्होंने राजनीति में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं, इस बीच कभी आलोचना के केंद्र बने तो कभी बदलाव और उम्मीद के प्रतीक भी बने।
कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और मौजूदा सांसद राहुल गांधी ने 2004 में उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से पहली बार लोकसभा चुनाव जीतकर राजनीतिक पारी की शुरुआत की। यह सीट उनके पिता राजीव गांधी और मां सोनिया गांधी की पारंपरिक सीट रही है। शुरुआती वर्षों में राहुल ने युवाओं, किसानों और ग्रामीण विकास को केंद्र में रखकर अपनी पहचान बनाने की कोशिश की।
पार्टी में बढ़ा कद, बनी राष्ट्रीय जिम्मेदारी
राहुल गांधी को 2007 में कांग्रेस का महासचिव और 2013 में पार्टी का उपाध्यक्ष बनाया गया। 2017 में वे कांग्रेस अध्यक्ष बने। इस दौरान उन्होंने यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई में व्यापक संगठनात्मक सुधार किए, जिससे युवा राजनीति में सक्रियता आई।
भारत जोड़ो यात्रा से बदली छवि
राहुल गांधी ने 2022-23 में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू की, जो लगभग 4,000 किलोमीटर लंबी पदयात्रा थी। इसका उद्देश्य देश में नफरत और विभाजन के खिलाफ प्रेम और एकता का संदेश देना था। इस यात्रा ने न सिर्फ उन्हें जनसंपर्क का नया जरिया दिया, बल्कि पार्टी को भी जमीनी स्तर पर मजबूती दी। 2024 में उन्होंने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के जरिए सामाजिक न्याय को मुख्य मुद्दा बनाया।
2024 में नए सिरे से दिखी सक्रियता
2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ‘इंडिया’ गठबंधन के अहम नेता के तौर पर उभरे। उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याएं, सामाजिक न्याय और लोकतंत्र की रक्षा जैसे मुद्दों को मजबूती से उठाया। वर्तमान में राहुल गांधी के सामने सबसे बड़ी चुनौती कांग्रेस को राष्ट्रीय राजनीति में फिर से प्रासंगिक बनाना है। आने वाले वर्षों में उनकी रणनीति और राजनीतिक पकड़ यह तय करेगी कि वे खुद को सिर्फ एक विपक्षी नेता के रूप में सीमित रखते हैं या वाकई कांग्रेस को नई ऊर्जा देने में सफल हो पाते हैं। 55 की उम्र में राहुल गांधी भारतीय राजनीति के उस मोड़ पर खड़े हैं, जहां हर कदम उनके भविष्य की भूमिका को तय करेगा।