संताल एक्सप्रेस ब्यूरो, जितेन्द्र दास

पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के लडडू बाबू आम बगान के पास स्थित अंचल निरीक्षक शिवाशीष वात्सयान के नवनिर्मित घर में सोमवार रात करीब 9:20 को नकाबपोश अपराधियों ने लूट डकैती की घटना को अंजाम दिया है।अपराधी जब लूटपाट मचा रहे थे तब अंचल निरीक्षक घर पर नहीं थे। जानकारी के अनुसार करीब 20 के संख्या में आये नकाबपोश बदमाशों ने घर में लगभग 30 मिनट तक जम कर हंगामा मचाया।इसके बाद वे लगभग 5 से 7 लाख रुपए के जेवर और घर में रखे नगदी लूट ले गए। पीड़ित परिवार की ओर से बताया कि अपराधी आम बगीचे की तरफ से घर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले घर के बाहर खड़े घर के एक सदस्य को आदित्य कुमार को बुलाया। बदमाशों ने धारदार हथियार से आदित्य के सिर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद बदमाश घर में घुस गए। उन्होंने शिवाशीष की पत्नी और अन्य रिश्तेदारों को एक कमरे में बंद कर दिया व सभी का मोबाइल भी अपने कब्जे में ले लिया।
बदमाशों ने घर में रखे नगद रुपए और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। साथ ही घर में रखा कई सामान भी तोड़ दिया। घटना को लेकर अंचल निरीक्षक शिवाशीष ने बताया कि बदमाशों ने घर में घुसकर मेरी पत्नी से 5 से 7 लाख रुपए के जेवर और घर में रखे नगदी लूट ली है। भागते समय घर के बाहर मोबाइल को फेंक दिया गया था। उन्होंने बताया कि सभी लुटेरों के चेहरे ढके हुए थे। वहीं घटना में घायल आदित्य कुमार के द्वारा बताया गया कि मैं घर के बाहर खड़ा था तभी लगभग 20 लोग अचानक वहां आए और मुझे बुलाया। वहां पहुंचा तो वे लोग मेरे सर पर वार कर दिया जिससे मैं घायल हो गया। लुटेरों के जाने के बाद मची अफरा-तफरी की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। मामले की सूचना मिलते ही एसडीपीओ डीएन आजाद नगर थाना प्रभारी प्रयाग दास रात को ही अंचल निरीक्षक के घर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है,जानकारी ली।
अंचल निरीक्षण ने घटना के बाबत नगर थाना में लिखित रूप से जानकारी दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी निधि द्विवेदी ने मंगलवार सुबह घटना स्थल पहुँची और घटना के बारे में अंचल निरीक्षण से जानकारी ली। इस दौरान एसपी ने कहा कि वादी के द्वारा घटना की जानकारी दी गई है। पुलिस बहुत जल्द घटना का उद्वेदन करेगी, मामले की जांच की जा रही है।



