संताल एक्सप्रेस संवाददाता

पाकुड़।देवघर निवासी फाइनांस कर्मी आनंद राज की हत्या के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के सूती थाना क्षेत्र में हुई इस हत्या में झारखंड पुलिस के एक जवान और मृतक के घनिष्ठ मित्र की संलिप्तता सामने आई है। बंगाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनंद राज की हत्या 15 मई को की गई थी। शव सूती थाना क्षेत्र में एक पोखर के किनारे से बरामद हुआ था। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के दोस्त अबू सुफियान को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, जहां उसने चौंकाने वाला खुलासा किया।अबू सुफियान ने बताया कि वह और उसका मित्र विपिन पाठक, जो झारखंड के पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना में पदस्थापित पुलिस जवान है, ने मिलकर आनंद की हत्या की साजिश रची। दोनों ने आनंद को मछली खरीदने के बहाने कार में बुलाया और रास्ते में ही गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।हत्या के बाद शव को एक पोखर के किनारे फेंक दिया गया था, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। अगले दिन शव बरामद होने पर सूती थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।सूती थाना प्रभारी प्रिया रंजन मांझी ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच के लिए रिमांड पर लेने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, झारखंड के पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप भेगरा ने पुष्टि की है कि जवान विपिन पाठक को बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और इस संबंध में जिला के वरीय अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।गिरफ्तार जवान विपिन पाठक झारखंड के देवघर जिले के रोहिणी गांव का निवासी है। यह मामला पुलिस विभाग की छवि पर सवाल खड़े करता है, जहां विभाग का ही एक जवान हत्या जैसे जघन्य अपराध में शामिल पाया गया है।
बंगाल पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई और जांच की गंभीरता की सराहना की जा रही है। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साजिश की धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
यह मामला न केवल एक हत्या का, बल्कि दोस्ती और कानून दोनों के साथ हुए विश्वासघात का उदाहरण बन चुका है।



