मुर्शिदाबाद । वक्फ कानून के विरोध में शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद, नॉर्थ 24 परगना, हुगली और मालदा जिलों में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए। वाहनों को आग लगाई और दुकानों-घरों में तोडफ़ोड़ कर लूट भी की गई। अबतक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। 15 पुलिसकर्मी घायल हैं। 150 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। मुर्शिदाबाद में फिलहाल तनावपूर्ण शांति है। लेकिन दो दिन पहले जिस तरह हिंसा भडक़ी, उसकी भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक 500 लोगों ने मुर्शिदाबाद छोड़ दिया और पलायन कर मालदा में आ गए हैं।

ये सिलसिला थमा नहीं है। पलायन करने वाले लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। ये शरणार्थी ग्रामीण मालदा के एक स्कूल में शरण लिए हैं। इन लोगों का आरोप है कि उनके घरों में तोडफ़ोड़-आगजनी की गई। पीने के पानी में जहर मिला दिया गया है। ये किसी तरह बीएसएफ की मदद से वहां से बचकर आए हैं। गांव वालों का कहना है कि वे लोग अपने घरों को छोडकऱ आए हैं और नाव से नदी पार कर पहुंचे हैं। इन लोगों में 3 दिन के नवजात से लेकर बुजुर्ग महिलाएं तक शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने इन लोगों को शरण दी है और वे उन्हें खाना भी खिला रहे हैं। लोगों के आने का सिलसिला थमा नहीं है। ये शरणार्थी मालदा के हाईस्कूल के क्लास रूम में डेरा जमाए हैं। उनके साथ बच्चे भी हैं।
स्थानीय डॉक्टर भी शरणार्थी कैंप पहुंचे और चेकअप कर रहे हैं। इन लोगों का कहना है कि मालदा के स्थानीय लोगों ने हमारी मदद की है। वे धूलियान से भागकर आए हैं। नाव के जरिए मालदा तक पहुंचे हैं। शरणार्थियों का कहना है कि पानी की टंकी में जहर डाल दिया गया है। पानी हमारा जीवन है। अगर ऐसा पानी पीएंगे तो मर जाएंगे। जान बचाकर घर से भागे हैं। हमारे घरों में लूट की गई और उन्हें जला दिया गया है। उनका कहना है कि हम लोगों को परेशान किया जा रहा है। खासतौर पर हम पर जो हमला कर रहे हैं, उनकी उम्र बहुत कम है। 15 से 17 साल के लडक़े हमला करने वालों में शामिल हैं। एक ग्रामीण ने कहा कि मेरा घर मुर्शिदाबाद के धूलियान में है। मेरे गांव में बड़ी संख्या में घरों में आग लगा दी गई। ग्रामीणों के साथ मारपीट की गई। अब ना घर रहा और ना खाने को राशन बचा था, इसलिए हम मजबूरी में पलायन करके आए हैं। भीड़ के लोग लूटपाट करके ले गए हैं।





