बैंकों का कहना है अन्य कृषि कर्जों की तुलना में केसीसी में डिफॉल्ट ज्यादा
नई दिल्ली । किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) खातों में कर्ज फंस रहा है। बढ़ते बैड लोन यानी फंसे कर्जों ने कृषि क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के आंकड़ों के मुताबिक क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (आरआरबी) को छोड़ शेड्यूल्ड कॉमर्शियल बैंकों के केसीसी खातों में पिछले चार सालों में फंसे कर्जों में 42 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। मार्च 2021 के आखिर में यह राशि 68,547 करोड़ रुपए थी, जो दिसंबर 2024 के आखिर तक बढ़कर 97,543 करोड़ रुपए हो गई।
मीडिया रिपोर्ट में आरटीआई के जवाब में आरबीआई ने बताया है कि इस बढ़ोतरी के कई कारण बताए हैं। इनमें मौसम की मार, किसानों को पुनर्भुगतान की समयसीमा की जानकारी का अभाव, व्यक्तिगत जरूरतों के कारण भुगतान में देरी और बैंकों की कमजोर कर्ज वसूली प्रणाली शामिल है। इसके अलावा, चुनाव से पहले कर्ज माफी की उम्मीद भी इसको प्रभावित करती है। बैंकों का कहना है कि अन्य कृषि कर्जों की तुलना में केसीसी में डिफॉल्ट ज्यादा होता है क्योंकि उधार ली गई राशि कम होती है। इससे पुनर्भुगतान किसानों की प्राथमिकता में सबसे नीचे आ जाता है।
आरबीआई के मुताबिक वित्त वर्ष 2021-22 में केसीसी सेगमेंट में एनपीए 84,637 करोड़ रुपए था, जो वित्त वर्ष 2022-23 में बढ़कर 90,832 करोड़ रुपए और वित्त वर्ष 2023-24 में 93,370 करोड़ रुपए हो गया। वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में यह राशि 95,616 करोड़ रुपए और जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में 96,918 करोड़ रुपए थी। यह ध्यान रखना जरुरी है कि केसीसी सेगमेंट में एनपीए का वर्गीकरण अन्य खुदरा कर्जों से अलग है। अन्य खुदरा कर्जों में अगर ब्याज और मूलधन की किस्त 90 दिनों से ज्यादा समय तक बकाया रहती है तो खाता एनपीए बन जाता है। लेकिन केसीसी कर्जों के लिए पुनर्भुगतान की अवधि फसल के मौसम और फसल की बिक्री की अवधि पर निर्भर करती है।
राज्यों के लिए फसल का मौसम संबंधित राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति तय करती है। ज्यादातर राज्यों में छोटी अवधि की फसलों के लिए फसल का मौसम 12 महीने और लंबी अवधि की फसलों के लिए 18 महीने होता है। बैंकरों का कहना है कि अगर कोई केसीसी कर्ज मिलने के तीन साल के अंदर नहीं चुकाता है तो उसे एनपीए के रूप में वर्गीकृत किया जाएगा।
वित्त वर्ष 2020-21 के अंत और दिसंबर 2024 की तिमाही के अंत के बीच बैंकों के चालू केसीसी खातों में बकाया कर्ज राशि में भी करीब 30 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। मार्च 2021 के अंत में चालू केसीसी खातों में बकाया राशि 4.57 लाख करोड़ रुपए थी, जो दिसंबर 2024 तक बढ़कर 5.91 लाख करोड़ रुपए हो गई। वित्त वर्ष 2021-22 में बैंकों के चालू केसीसी खातों में बकाया राशि 4.76 लाख करोड़ रुपए, वित्त वर्ष 2022-23 में 5.18 लाख करोड़ रुपए और वित्त वर्ष 2023-24 में 5.75 लाख करोड़ रुपए थी। वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में चालू केसीसी खातों में कुल बकाया राशि 5.71 लाख करोड़ रुपए थी, जो वित्त वर्ष 2024-25 की दूसरी तिमाही में थोड़ी बढ़कर 5.87 लाख करोड़ हो गई। आरबीआई ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली तीन तिमाहियों के लिए एनपीए राशि और चालू केसीसी खातों में बकाया राशि के आंकड़े अनंतिम हैं।
बता दें 1998 में शुरू की गई किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना किसानों को कृषि और अन्य संबद्ध गतिविधियों के लिए कर्ज की पर्याप्त और समय पर पहुंच प्रदान करती है। केसीसी किसानों को एक रिवॉल्विंग कैश क्रेडिट फेसिलिटी प्रदान करता है। इसमें डेबिट या क्रेडिट की संख्या पर कोई प्रतिबंध नहीं है। केसीसी कर्ज बैंकों के समग्र कृषि कर्ज बही का हिस्सा हैं, जो बैंकों की प्राथमिकता क्षेत्र कर्ज बही के अंतर्गत आता है।






