एक दिव्य गुरु को गुरु होने के लिए अपने शरीर की आवश्यकता नहीं होती है। आध्यात्मिक गौरव ग्रन्थ, “योगी कथामृत” के लेखक श्री श्री परमहंस योगानन्द और अबाधित पुस्तक, “कैवल्य दर्शनम्” के लेखक श्री श्री स्वामी श्रीयुक्तेश्वर गिरि आज भी अपने करोड़ों भक्तों के लिए इस कथन को चरितार्थ करते हैं।
मार्च का महीना इन दोनों गुरुओं की गौरवपूर्ण महासमाधि (मृत्यु के समय एक योगी का अपने शरीर से अभिज्ञ अन्तिम प्रस्थान) का प्रतीक है। स्वामी श्रीयुक्तेश्वर गिरि ने 9 मार्च, 1936 को और उनके विश्व प्रसिद्ध शिष्य परमहंस योगानन्द ने 7 मार्च, 1952 को महासमाधि में प्रवेश किया।
क्रियायोग परम्परा के इन दोनों गुरुओं ने अपने शरीरों का एक पहचान योग्य वस्त्र की भाँति परित्याग कर दिया और मोक्ष प्राप्ति हेतु अपने भक्तों का मार्गदर्शन करते हुए विराट् क्रिया श्वास के माध्यम से जीवित रहे।
जैसा कि “योगी कथामृत” में वर्णित है, क्रियायोग एक ऐसी प्रविधि है जो प्रत्येक श्वास के साथ रक्त को कार्बन डाइऑक्साइड से मुक्त करती है और अन्ततः शरीर के क्षय को कम करती है और रोकती है। ऑक्सीजन के अतिरिक्त परमाणु कोशिकाओं को शुद्ध ऊर्जा में रूपान्तरित कर देते हैं। इस प्रकार 30 सेकंड की एक क्रिया श्वास के द्वारा उतना ही आध्यात्मिक विकास होता है जितना प्राकृतिक विकास के माध्यम से एक वर्ष में होता है।
क्रियायोग एक प्राचीन विज्ञान है जिसे श्रीकृष्ण ने अर्जुन को प्रदान किया था और बाद में पतंजलि और अन्य शिष्यों को इसका ज्ञान था। वर्तमान युग में महावतार बाबाजी ने इसे लाहिड़ी महाशय को प्रदान किया था, जिन्होंने इसे योगानन्दजी के गुरु स्वामी श्रीयुक्तेश्वर गिरि को प्रदान किया था।
संन्यास के पूर्व योगानन्दजी का नाम मुकुन्द था। सन् 1910 में, जब वे 17 वर्ष के थे, उनकी भेंट अपने गुरु स्वामी श्रीयुक्तेश्वर गिरि से हुई थी। अपने गुरु के कठोर मार्गदर्शन—जिसके कारण आश्रम के अन्य शिष्य मधुर शब्दों की खोज में आश्रम छोड़ कर चले जाते थे—में मुकन्द की आत्मा ने अपने गुरु के निर्देश ग्रहण किये।
युवा मुकुन्द को तो उनके गुरु द्वारा एक गुरु बनने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा था। क्योंकि महावतार बाबाजी ने अनेक वर्ष पूर्व स्वामी श्रीयुक्तेश्वर गिरि से स्पष्ट रूप से यह कहा था कि पाश्चात्य जगत् में क्रियायोग का प्रचार करने के लिए योगानन्दजी ही चुनाव किया गया है।
प्रारम्भ में तो योगानन्दजी पूर्व में भी किसी संस्था की स्थापना करने के इच्छुक नहीं थे, परन्तु उन्होंने अपने गुरु के आगे सिर झुकाकर समर्पण कर दिया। उन्होंने सन् 1917 में योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ़ इण्डिया (वाईएसएस) की स्थापना की। सन् 1920 में उन्हें अमेरिका से बुलावा आया, जिसकी भविष्यवाणी पहले ही की जा चुकी थी। युवा गुरु उस देश की यात्रा पर निकल पड़े, जिसकी भाषा से वे उतने ही अनभिज्ञ थे जितने कि उस देश के लोग योग से। परन्तु भाषा की यह समस्या ईश्वर-साक्षात्कार प्राप्त गुरु का मार्ग रोकने में असफल रही। वे जिस जहाज से यात्रा कर रहे थे, उस पर उन्होंने अंग्रेजी भाषा में अपना पहला व्याख्यान दिया। बाद में अमेरिका के प्रत्येक शहर में खचाखच भरे सभागारों में व्याख्यान देने के लिए ईश्वर ने उनका चयन किया। इसके परिणामस्वरूप सन् 1920 में सेल्फ-रियलाइज़ेशन फ़ेलोशिप (एसआरएफ़) की स्थापना हुई।
अद्वितीय गुरु ने महासमाधि में प्रवेश करने तक संन्यासियों और गृहस्थों को क्रियायोग की शिक्षा प्रदान की। उनकी महासमाधि भी एक अत्यंत अद्भुत घटना थी।
उनकी मृत्यु के 20 दिन बाद भी उनके शरीर में किसी प्रकार की विक्रिया नहीं दिखाई पड़ी। शवगृह निर्देशक श्री हैरी टी. रोवे ने यह लिखा कि परमहंस योगानन्द की देह “निर्विकारता की एक अद्भुत अवस्था” में थी। महान् गुरु अपने जीवन काल के समान ही मृत्यु में भी मानव जाति के सम्मुख यह प्रमाण प्रस्तुत कर रहे थे कि योग और ध्यान के माध्यम से प्रकृति और समय की शक्तियों पर नियन्त्रण पाना सम्भव है।
जैसा योगानन्दजी ने स्वयं अपने शब्दों में वचन दिया था, उन्होंने अपनी महासमाधि के 73 वर्ष पश्चात् भी अपने सच्चे भक्तों को गृह-अध्ययन आत्म-साक्षात्कार पाठमाला के माध्यम से क्रियायोग की शिक्षा प्रदान करना जारी रखा है, “जो व्यक्ति आन्तरिक आध्यात्मिक सहायता की खोज में सच्चे मन से सेल्फ़-रियलाइज़ेशन फ़ेलोशिप अथवा योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ़ इण्डिया में आए हैं, उन्हें वह अवश्य प्राप्त होगा जो वे ईश्वर से प्राप्त करना चाहते हैं। चाहे वे मेरे शरीर में रहते हुए आएँ अथवा मेरे शरीर त्यागने के पश्चात्।” अधिक जानकारी : yssofindia.org
लेखिका: नेहा प्रकाश
—————————————————-
अनंतता के आर-पार ईश्वर प्राप्त गुरु-शिष्य का युगल
“मेरे खुले और विस्मय-विस्फारित नेत्रों के सामने सम्पूर्ण कमरा एक अद्भुत विश्व में बदल गया; सूर्य प्रकाश एक स्वर्गीय तेज में बदल गया। रक्तमास के शरीर में श्रीयुक्तेश्वरजी को अपने सामने खड़े देखकर आनंदातिरेक की लहरों पर लहरें मुझ पर छाने लगीं।” ये शब्द, जीवन में परिवर्तन लाने वाली तथा इश्वरान्वेशियों के लिए अनंत के द्वार खोल देने वाली पुस्तक ‘योगी कथामृत’, जिसके लेखक परमहंस योगानन्दजी हैं, के ‘श्रीयुक्तेश्वरजी का पुनरुत्थान’ नामक अध्याय से उद्धृत हैं। 9 मार्च 1936 को महासमाधि लेने के कुछ महीने बाद श्रीयुक्तेश्वरजी अपने अतिप्रिय शिष्य (योगानन्दजी) की विरह वेदना को दूर करने हेतु आकाश तत्त्व से बने शरीर में उनके समक्ष प्रकट होते हैं तथा मृत्यु उपरांत आत्मा की यात्रा एवं सूक्ष्म लोकों के विषय में विस्तार से वर्णन करते हैं।
महान् संतों को परस्पर वार्त्तालाप के लिए किसी साधन की आवश्यकता नहीं होती। वे अपने अन्तर्ज्ञान का प्रयोग करके आत्मिक रूप से अपने संदेश का प्रतिपादन करते हैं। इसी प्रकार स्वामी श्रीयुक्तेश्वरजी ने योगानन्दजी को 1935-36 में अमरीका से भारत बुलाया और अपने शरीरत्याग का अप्रत्यक्ष भान कराते हुए उनसे कहा, “इस संसार में अब मेरा कार्य पूरा हो गया है; अब तुम्हें ही इसे आगे चलाना होगा.”
अपने गुरु के इसी आदेश का अनुसरण करते हुए परमहंस योगानन्दजी ने योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ इण्डिया/सेल्फ़ रियलाईज़ेशन फ़ेलोशिप नाम से आध्यात्मिक संगठन की स्थापना की जो ध्यान की उच्चत्तम प्रविधि क्रियायोग विज्ञान (द्रष्टव्य, योगी कथामृत’, अध्याय -26) को सीखने का सरल, सुनिश्चित एवं विश्वसनीय साधन प्रदान करती है। वट वृक्ष के समान इसकी शाखाएँ सम्पूर्ण विश्व में फैली हैं जिसकी सुकोमल छाया तले बैठने हेतु इच्छुक जन योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ इण्डिया से क्रियायोग के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
योगानन्दजी स्वयं एक सिद्ध क्रियायोगी थे, 7 मार्च 1952 को उनके देहत्याग के बाद उनके शरीर में कोई विकृति नहीं आई। फॉरेस्ट लॉन मेमोरियल पार्क, लॉस एंजेलिस, जहाँ महान् गुरु का पार्थिव शरीर रखा है, के निर्देशक श्री हैरी टी. रोवे ने कहा – “बीस दिन बाद भी उनके शरीर में किसी प्रकार की विक्रिया नहीं दिखाई पड़ी….27 मार्च को भी उनका शरीर उतना ही ताजा और विकार रहित दिखाई पड़ रहा था जितना मृत्यु की रात्रि (7 मार्च) को।”
उनकी एक निकतम एवं प्रारम्भिक शिष्या श्री श्री दया माताजी अपने गुरु के मुख से उनके देहत्याग की बात सुनकर विकल हो जाती हैं और संस्था के संचालन को लेकर चिंतित हो जाती हैं तब महान् गुरु के ये शब्द – “इस बात को याद रखना मेरे जाने के बाद केवल प्रेम ही मेरा स्थान ले सकता है। दिन-रात ईश्वर के प्रेम में तल्लीन रहो, और यही प्रेम सबको दो।” – इंगित करते हैं कि उनकी शिक्षाओं का आधार प्रेम है और वे न केवल अपने जीवन में अपितु मृत्यु पश्चात भी यह आश्वासन देते आ रहे हैं कि ईश्वर की खोज करने वाले भक्तों को वे सदा सुरक्षा और मार्गदर्शन प्रदान करते रहेंगे। अपनी एक कविता ‘ईश्वर का केवट’ में वे कहते हैं… “….भरना चाहता हूँ मैं अपनी नाव में, पीछे छूटे पिपासुओं को, जो बैठे हैं इंतजार में, और उन्हें ले जाना बहुरंगे आनंद के उज्जवल पोखर पर, जहाँ बाँटते हैं मेरे परमपिता, अपनी रसमयी शांति….”
आत्म-साक्षात्कार प्राप्त गुरु-शिष्य के इस महान् युगल को उनके महासमाधि दिवस के अवसर पर स्मरण करते हुए ईश्वर के प्रेमपूर्ण स्वर्णिम आनंद को पाने हेतु आइए इनकी नौका में सवार हो लें और अनंत की ओर अपना मार्ग प्रशस्त करें। अधिक जानकारी : yssofindia.org
लेखिका- डॉ मंजु लता गुप्ता


