हैदराबाद पुलिस ने एक्टर को मुलाकात गुप्त रखने भेजा था नोटिस
मुंबई । पुष्पा-2 के हीरो अल्लू अर्जुन इन दिनों चर्चा में हैं। मंगलवार सुबह उन्हें तेलंगाना के एक अस्पताल के बाहर आते देखा गया। वह यहां संध्या थिएटर में हुई भगदड़ में घायल आठ साल के बच्चे श्री तेजा से मिलने आए थे। इस मामले में अल्लू अर्जुन को जमानत मिली है, लेकिन इसके बाद उन्हें हैदराबाद पुलिस ने एक नोटिस भी जारी किया था। इस नोटिस में पुलिस ने अल्लू अर्जुन से यह अपील की थी कि वह घायल बच्चे से अपनी मुलाकातों को गुप्त रखें।
मंगलवार को अल्लू अर्जुन सुबह-सुबह अस्पताल पहुंचे। वहां श्री तेजा से मिले। अस्पताल के बाहर पुलिस बल तैनात था, ताकि किसी भी तरह की भीड़ को काबू किया जा सके। अल्लू अस्पताल में तेजा के आईसीयू वार्ड में पहुंचे और बच्चे के पिता से उसकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी ली। डॉक्टरों ने बताया कि तेजा की हालत में सुधार है। अल्लू अर्जुन ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और उन्हें आश्वासन दिया कि वह इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ हैं। इससे पहले, तेलंगाना फिल्म डेवलपमेंट कारपोरेशन के चेयरमैन दिल राजू भी तेजा से मिलने अस्पताल पहुंचे थे।
अल्लू अर्जुन के इस कदम से पहले ही हैदराबाद पुलिस ने उन्हें एक नोटिस जारी किया था। इसमें पुलिस ने अपील की थी कि जब वह तेजा से मिलें, तो उनकी मुलाकात को गोपनीय रखा जाए ताकि किसी भी तरह की अटकलें और विवाद से बचा जा सके। इस नोटिस को सोशल मीडिया पर शेयर किया था। पुलिस का यह आग्रह था कि अल्लू अर्जुन की मुलाकात से संबंधित कोई भी जानकारी सार्वजनिक न हो ताकि भगदड़ से जुड़ी स्थिति को और ज्यादा जटिल न किया जाए।


