गिरिडीह । पचम्बा थाना के सामने स्थित पार्वती मल्टी निजी अस्पताल में शनिवार को जच्चा और बच्चा की मौत हो गई। मौत प्रसव के लिए की जा रही सर्जरी के दौरान हुई। इस घटना के बाद मर्माहत मृतक के परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टर के साथ-साथ प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। मामले की शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया।
बताया गया है कि जमुआ थाना इलाके के भूपतडीह निवासी रंजीत यादव की पत्नी कालिका देवी (28) को प्रसव पीड़ा होने पर उसे इस अस्पताल में भर्ती करवाया गया। परिजनों के मुताबिक, यहां के प्रबंधन और चिकित्सक ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। बच्चा और जच्चा दोनों ठीक हैं और ठीक से प्रसव भी हो जाएगा। फिर इसके कुछ घंटे के बाद यह कह दिया गया कि दोनों को बचा नहीं सके। परिजनों का यह आरोप है कि गलत इलाज और लापरवाही के कारण दोनों की मौत हुई। दूसरी तरफ अस्पताल के प्रबंधन अभय कुमार का कहना है कि मरीज की पहले हार्ट सर्जरी हुई थी। इसकी जानकारी परिजनों ने नहीं दी गई। वैसे इलाज में लापरवाही नहीं बरती गई है। उन्होंने कहा कि उनके अस्पताल में वेस्ट डॉक्टर इलाज करते हैं ।




