ध्रुव प्रसाद साह ने फैसले को बताया न्याय की जीत, कहा मुकेश सिंह की स्मृति को मिली सच्ची श्रद्धांजलि
देवघर। आजसू पार्टी के तत्कालीन देवघर जिला अध्यक्ष मुकेश सिंह और उनके चालक सोनू शर्मा की हत्या के मामले में 13 साल बाद अदालत ने आठ दोषियों को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई। आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सह गोड्डा जिला प्रभारी ध्रुव प्रसाद साह ने फैसले का स्वागत करते हुए इसे न्याय की जीत बताया।
उन्होंने कहा कि मुकेश सिंह उनके लिए जिला अध्यक्ष के साथ बड़े भाई और अभिभावक जैसे थे। नगर और जिला कमेटी में करीब 13 वर्षों तक साथ काम किया। छात्र आंदोलन, झारखंड आंदोलन, विस्थापन आंदोलन सहित पार्टी के कई आंदोलनों में दोनों ने साथ संघर्ष किया। साह ने कहा कि मुकेश सिंह की सादगी, जुझारूपन और पार्टी के प्रति समर्पण कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है। उनकी और सोनू शर्मा की हत्या से दोनों परिवारों को हुई क्षति अपूरणीय है। 13 वर्षों तक परिवारों ने धैर्य के साथ न्याय का इंतजार किया। उन्होंने दोनों दिवंगतों को श्रद्धांजलि देते हुए परिजनों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि यह फैसला उनकी स्मृति को सच्ची श्रद्धांजलि है। फैसले से साबित हुआ है कि कानून से बड़ा कोई नहीं है और देर से ही सही, न्याय मिलता है।


