बाँध पाड़ा में 14 से तीन दिवसीय गणेशोत्सव, 20 फीट की अनोखी प्रतिमा बनेगी आकर्षण का केंद्र
● **मुंबई की ‘परळचा महाराजा’ थीम से प्रेरित होगी प्रतिमा, बैलेंसिंग स्वरूप में नजर आएंगे गणपति बप्पा*
● **स्थानीय कारीगर भागीरथ मिस्त्री और उनके दो बेटे तैयार कर रहे हैं करीब 20 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा*
● **17 सितंबर को निकलेगी भव्य विसर्जन यात्रा, आयोजन का बजट करीब पांच लाख रुपये, समिति ने लोगों से सहयोग की अपील की*
ब्यूरो
दुमका। नगर के बाँध पाड़ा में इस बार गणेशोत्सव का नजारा कुछ अलग और खास होगा। यहां गणपति बप्पा का ऐसा अनोखा दरबार सजने जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के साथ शहरवासियों के लिए भी कौतूहल का केंद्र बनेगा। मुंबई के प्रसिद्ध ‘परळचा महाराजा’ की बैलेंसिंग थीम से प्रेरित होकर करीब 20 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा तैयारी की जा रही है। प्रतिमा को इस तरह आकार दिया जा रहा है कि गणपति बप्पा हवा में संतुलित नजर आएंगे।
———–
बाँध पाड़ा में गणेशोत्सव की भव्य तैयारी, इस बार दिखेगा और भी अनोखा रूप
श्री श्री 108 सार्वजनिक गणेश पूजा समिति, बाँध पाड़ा की ओर से आयोजित तीन दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत 14 सितंबर को होगी। 15 और 16 सितंबर को विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जबकि 17 सितंबर को भव्य विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। समिति का कहना है कि पिछले वर्ष श्रद्धालुओं से किए गए वादे के अनुरूप इस बार पूजा को और भव्य रूप देने की तैयारी की गई है।
—————–
स्थानीय हुनर को मिला बड़ा मंच
इस प्रतिमा की खास बात यह है कि इसे तैयार करने के लिए किसी बड़े शहर से कलाकार को नहीं बुलाया गया है। दुमका के ही स्थानीय कारीगर भागीरथ मिस्त्री अपने दोनों बेटों बी के शर्मा उर्फ विक्की शर्मा और सीके शर्मा के साथ मिलकर इस अनोखी कलाकृति को आकार दे रहे हैं। प्रतिमा निर्माण में स्थानीय प्रतिभा और कारीगरी का विशेष इस्तेमाल किया जा रहा है।
मुंबई की बैलेंसिंग थीम से प्रेरित यह प्रतिमा किस तरह संतुलन बनाएगी, इसे लेकर अभी से लोगों में उत्सुकता है। समिति के अनुसार प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए इस वर्ष के गणेशोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण होगी।
——-
पांच लाख के बजट से होगा भव्य आयोजन
गणेश पूजा को लेकर मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम संयोजक एवं पूजा प्रभारी सुमन कुमार साह ने आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए करीब पांच लाख रुपये का बजट तय किया गया है। उन्होंने शहरवासियों से आयोजन को सफल बनाने के लिए बढ़-चढ़कर भागीदारी करने और सहयोग देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य बाँध पाड़ा की गणेश पूजा को एक अलग पहचान देना है। इस बार प्रतिमा से लेकर पूजा और विसर्जन यात्रा तक को आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के लिए बता दूं कि सुमन कुमार साह वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता लायंस क्लब के सदस्य और सिविल सोसाइटी के कार्यकारणी के सदस्य भी हैं ।आयोजन की तैयारी में मानस शेखर, सुमन कुमार साह, अनुज लायक, विक्की राउत, रिक्की साह, आलोक कुमार, लल्टू, आकाश कुमार शर्मा, राजा लायक, मयंक कुमार, संजय साह, विक्की कुमार, सुमित चौरसिया, सौरव भगत, अविनाश चौरसिया, सोनू सिंह, दीपक सिंह और रोशन कुमार समेत समिति के सदस्य जुटे हुए हैं। समिति के अनुसार गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।


