नागपुर से गिरफ्तार दोनों बहनों और ड्राइवर को न्यायिक हिरासत
लखनऊ । कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश की जमानत अर्जी अदालत ने खारिज कर दी है। तीनों को महाराष्ट्र के नागपुर से उत्तर प्रदेश एसटीएफ और लखनऊ पुलिस के संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया गया था। अदालत में पेश किए जाने के बाद उन्हें गोसाईंगंज स्थित जिला कारागार में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जेल पहुंचने के बाद श्रद्धा और रश्मि को शुरुआती एक दिन क्वारंटीन में रखा गया। इसके बाद शुक्रवार को दोनों को करीब 45 महिला बंदियों वाली सामान्य बैरक में स्थानांतरित कर दिया गया। जेल की दिनचर्या और नियमों के अनुसार रहने के बीच श्रद्धा की पहली रात बीती। जेल सूत्रों के मुताबिक, दोनों बहनों को अब अन्य बंदियों की तरह निर्धारित नियमों का पालन करना पड़ रहा है। जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है, कि श्रद्धा सामान्य बंदियों की तरह रह रही है और उसे जेल मैनुअल के तहत निर्धारित सुविधाएं दी जा रही हैं। तीनों आरोपियों को कड़ी निगरानी में रखा गया है। जेल सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा ने शुक्रवार को चाय पी और भोजन भी किया। वह अन्य बंदियों और सुरक्षाकर्मियों से बातचीत के दौरान खुद को बेकसूर बताती रही। चालक दानिश काफी परेशान दिखाई दिया।


