संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहेट- झारखंड में भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था और परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर युवा जागरण अभियान चला रहे जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो रविवार को भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के तहत बरहेट पहुंचे. स्थानीय युवाओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया.बरहेट पहुंचने के बाद उन्होंने गांधी मैदान से तीन मोहानी चौक तक समर्थकों के साथ पैदल यात्रा की. इसके पश्चात देवेंद्र नाथ महतो अपने समर्थकों के साथ वीर शहीद सिदो-कान्हू की जन्मभूमि भोगनाडीह पहुंचे. वहां उन्होंने शहीदों को माल्यार्पण कर नमन किया.देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि 24 जिलों की इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं और छात्रों को जागरूक करना तथा भर्ती परीक्षाओं में होने वाले भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाना है. उन्होंने कहा कि भर्ती व्यवस्था में व्यापक सुधार और सभी परीक्षाओं का पारदर्शी ढंग से आयोजन जरूरी है.
उन्होंने दावा किया कि छात्र आंदोलन के दबाव के बाद छात्र हित में 45 परीक्षाओं से संबंधित मामलों में कार्रवाई हुई है. 22 परीक्षाएं रद्द की गई हैं और 17 अन्य मामलों की जांच जारी है. उन्होंने सरकार से सवाल किया कि झारखंड में नौकरियों की खरीद-फरोख्त और पेपर लीक की घटनाएं क्यों हो रही हैं तथा मूलवासी छात्रों के हितों के साथ खिलवाड़ क्यों किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार को इन मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए. उन्होंने बताया कि भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा को राज्यभर में छात्रों और युवाओं का अच्छा समर्थन मिल रहा है.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


