देवघर। बाघमारा के बैजू धाम पार्क स्थित राधाकृष्ण मंदिर में दो दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के पहले दिन भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव और अगले दिन नंदोत्सव मनाया जाएगा। इसकी जानकारी गुरुवार को राधाकृष्ण मंदिर के संचालक रामरेख यादव ने दी। इसी अवसर पर विधायक सुरेश पासवान ने कार्यालय का उद्घाटन किया। जन्माष्टमी के दिन सुबह 9 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरते हुए बैजू धाम पहुंचेगी। शोभायात्रा के समापन के बाद हरिनाम संकीर्तन शुरू होगा। शाम को स्थानीय कलाकारों की ओर से भजन संध्या आयोजित की जाएगी। रात करीब 8 बजे विशेष पूजा और शृंगार दर्शन होंगे। रात 12 बजे भगवान कृष्ण के जन्म के अवसर पर आतिशबाजी और सोहर की प्रस्तुति होगी।
इसके बाद 5 सितंबर को नंदोत्सव मनाया जाएगा। इसमें झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के कलाकार सांस्कृतिक और भक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव के शामिल होने की जानकारी दी गई है। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में पहुंचने की उम्मीद है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


