धनबाद । धनबाद में हत्या के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस और आरोपित के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में शंकर डे उर्फ पिंकू डे के पैर में गोली लगी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित राम प्रताप प्रसाद की हत्या के मामले में संदिग्ध था और उसे मैथन से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के बाद पुलिस उसे हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए टुंडी के मनियाडीह ले गई थी। इसी दौरान आरोपित ने एक सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। घायल आरोपित को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब ने बताया कि अगस्त महीने में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में राम प्रताप प्रसाद की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। उनकी पत्नी ने पुलिस को बताया था कि राम प्रताप दो दिनों से लापता हैं। शिकायत में शंकर नाम के एक व्यक्ति पर संदेह भी जताया गया था। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। इसी दौरान सूचना मिली कि संदिग्ध मैथन के आसपास मौजूद है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शंकर डे उर्फ पिंकू डे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने राम प्रताप प्रसाद की हत्या की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस उसे हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए मनियाडीह लेकर पहुंची। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान आरोपित ने सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीन ली और भागने के प्रयास में फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपित के पैर में गोली लगी।
ग्रामीण एसपी के मुताबिक, जून महीने में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में हुई लूट की एक घटना को राम प्रताप प्रसाद और शंकर डे ने मिलकर अंजाम दिया था। लूट की रकम के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस का आरोप है कि इसी विवाद में शंकर ने राम प्रताप की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने यह भी बताया कि मनियाडीह क्षेत्र से पहले एक अज्ञात शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान राम प्रताप प्रसाद के रूप में हुई। जांच में पुलिस इस हत्या के पीछे शंकर डे की संलिप्तता की बात कह रही है। पुलिस अब आरोपित की आपराधिक पृष्ठभूमि और अन्य संभावित वारदातों में उसकी भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल घायल आरोपित का अस्पताल में इलाज जारी है। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उससे आगे पूछताछ की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और अन्य आपराधिक मामलों में आरोपित की संभावित संलिप्तता की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपित के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पूछताछ आगे बढ़ाई जाएगी।


