राज्यपाल से की सीबीआई जांच की मांग, पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार और कथित मारपीट के विरोध में संगठन ने उठाई आवाज

संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज- झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी समिति की बैठक रविवार को जिला अध्यक्ष चंदन सिंह के निवास स्थान पर उनकी अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा, उनके साथ हो रहे दुर्व्यवहार, संगठन की मजबूती और अभिषेक भारती प्रकरण सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में प्रदेश सचिव अरविंद ठाकुर एवं प्रवीण कुमार सहित जिला और प्रखंड स्तर के पदाधिकारी मौजूद थे.
*अभिषेक भारती प्रकरण पर संगठन ने जताया विरोध*
बैठक में पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी, गिरफ्तारी और उनके साथ कथित मारपीट एवं दुर्व्यवहार के मामले पर संगठन ने नाराजगी जताई. पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार अभिषेक भारती ने सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग के कथित यौन शोषण के मामले को प्रमुखता से उठाया था. संगठन का आरोप है कि इसके बाद पत्रकार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया.बैठक में सवाल उठाया गया कि जब विधायक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज है और मामला न्यायालय में लंबित है तो जांच और कार्रवाई के मामले में अलग-अलग रवैया क्यों अपनाया जा रहा है. संगठन ने इसे प्रशासन की दोहरी नीति बताते हुए पूरे प्रकरण का विरोध किया. साथ ही राज्यपाल से मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने की मांग करने का निर्णय लिया गया.
*संगठनात्मक अनुशासन और मजबूती पर लिए गए निर्णय*
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला स्तरीय बैठकों में सभी प्रखंड अध्यक्ष अपना रजिस्टर लेकर उपस्थित होंगे. ताकि संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकें. इसके अलावे जेजेए के नामित पदाधिकारी लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित रहने पर स्वत पदमुक्त माने जाएंगे. बैठक में नए सदस्यों को संगठन से जोड़ते हुए विभिन्न पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई. इस दौरान माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया.पत्रकार अभिषेक भारती प्रकरण को लेकर प्रदेश के निर्देशानुसार जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों द्वारा ज्ञापन सौंपने का भी निर्णय लिया गया. संगठन को मजबूत बनाने के लिए जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की नियमित बैठक और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.बैठक में जिला महासचिव रबनवाज आलम, जिला कोषाध्यक्ष अमित सिंह, जिला सचिव आलोक कुमार, मो. गुलजार, जिला उपाध्यक्ष सुधाकर गुप्ता, मो. अफसर अली, अमित चौधरी ,जिला कार्यकारिणी सदस्य मो. हसामुद्दीन, अभिजीत रक्षित, सुधीर विश्वास, कालीचरण मंडल, सुमन झा, गुड्डू कुमार रजक, रंजय पासवान, जिला संगठन मंत्री सहेन्द प्रसाद,सदर प्रखंड सचिव अरविंद यादव, दावर इमरान, देव आर्यन, आनंद कुमार चौधरी, सन्नी मंडल, गोविंद ठाकुर, मुरलीधर तिवारी, मुन्ना यादव एवं जहांगीर आलम सहित कई सदस्य उपस्थित थे.



