सिडनी । ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने भारतीय टीम के पूर्व विकेटीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी को एडम गिलक्रिस्ट से बेहतर विकेटकीपर बताया है। इसके बाद से ही साफ हो गया कि वॉर्नर, धोनी के प्रशंसक हैं। गौरतलब है कि क्रिकेट की दुनिया में धोनी और गिलक्रिस्ट का नाम हमेशा सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपरों में शामिल रहा है। इन दोनों दिग्गजों ने अपने शानदार खेल से क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में खास जगह बनाई है। वॉर्नर का यह जवाब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्रिकेट जगत में एक नई चर्चा का विषय बन गया है।
दरअसल, हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, उसमें वॉर्नर से क्रिकेट से जुड़े कुछ त्वरित सवाल पूछे जा रहे हैं। इसी क्रम में उनसे पूछा गया कि धोनी और गिलक्रिस्ट में से वह किसे बेहतर मानते हैं ? इस सीधे-सादे सवाल के जवाब में वॉर्नर ने बिना देर किये तुरंत धोनी का नाम लिया। उनका यह छोटा-सा और सीधा जवाब क्रिकेट प्रशंसकों के लिए बड़ा संकेत बन गया है, जो बताता है कि वॉर्नर, धोनी को एडम गिलक्रिस्ट से बेहतर विकेटकीपर मानते हैं।
गौरतलब है कि धोनी और गिलक्रिस्ट, दोनों ही अपनी-अपनी शैलियों में अद्वितीय रहे हैं। धोनी जहां विकेट के पीछे अपनी बिजली-सी तेज स्टंपिंग, बेजोड़ रिफ्लेक्स और खेल की गहरी समझ के लिए जाने जाते हैं, वहीं गिलक्रिस्ट अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग में भी कमाल का प्रदर्शन करते थे, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया को कई यादगार जीत दिलाईं। दोनों ने अपनी टीमों को कई मैच जिताऐ जिससे उनकी तुलना आम तौर पर की जाती है और प्रशंसकों के बीच यह एक गर्म बहस का मुद्दा रहा है कि इन दोनों में से कौन सर्वश्रेष्ठ है। ऐसे में जब वॉर्नर जैसे बड़े खिलाड़ी ने धोनी को चुना है, तो यह स्वाभाविक रूप से चर्चा का केंद्र बन गया है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


