दुधानी में खुला आधार सेवा केंद्र, अब आधार से जुड़े कामों के लिए रांची जाने की मजबूरी होगी खत्म
कोयला सेस और बदहाल सड़कों को लेकर हेमंत सरकार पर साधा निशाना, 50 साल के शासन पर उठाए सवाल
एसआईआर मामले में अधिकारियों पर दबाव बनाने का आरोप, सचिव और रांची डीसी की जांच की मांग
ब्यूरो
दुमका. गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सांसद निशिकांत दुबे रविवार को दुमका पहुंचे. यहां उन्होंने दुधानी टावर चौक के समीप आधार सेवा केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया. उद्घाटन के बाद दुमका परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने संथाल परगना के विकास से लेकर राज्य की मौजूदा राजनीति पर खुलकर अपनी बात रखी. सांसद ने दुमका वासियों को बड़ी खुशखबरी देते हुए दावा किया कि दुमका को जल्द ही दिल्ली और मुंबई के लिए लंबी दूरी की ट्रेनों की सौगात मिलेगी. उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों और केंद्र के सहयोग से ही दुमका में मेडिकल कॉलेज और रेलवे जैसी सुविधाओं का विस्तार संभव हो पाया है.
आधार सेवा केंद्र के उद्घाटन पर बोलते हुए निशिकांत दुबे ने कहा कि यह केंद्र देखने में भले ही छोटा लग रहा हो, लेकिन आम लोगों के लिए यह बहुत बड़ी सहूलियत है. अब लोगों को आधार से जुड़े छोटे-छोटे कामों के लिए रांची का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. उन्होंने बताया कि सोमवार को गोड्डा में भी यूआईडीएआई के आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन किया जाएगा. इस मौके पर उन्होंने 17 से 25 सितंबर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाये जा रहे कार्यक्रमों का भी जिक्र किया.
प्रेस वार्ता के दौरान सांसद ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार पर जमकर सियासी तीर छोड़े. कोयला नीति पर उन्होंने राज्य सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया. दुबे ने कहा कि झारखंड में सेस (उपकर) की दर इतनी अधिक कर दी गई है कि कंपनियां यहां से कोयला खरीदने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रही हैं. जबकि ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में कोयले को लेकर सुचारू रूप से काम हो रहा है.
सड़कों की बदहाली और क्षेत्र के विकास पर सवाल खड़े करते हुए सांसद ने कहा कि सोरेन सरकार की दिलचस्पी राज्य के विकास में नहीं, बल्कि बालू, गिट्टी, मिट्टी और चिप्स बेचने में है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दुमका से बाहर कदम रखते ही सड़कों की जर्जर स्थिति राज्य सरकार के विकास के दावों की पोल खोल देती है. उन्होंने सोरेन परिवार पर सीधा हमला बोलते हुए सवाल किया कि लंबे समय तक एक ही परिवार के हाथों में सत्ता रहने के बावजूद संथाल परगना का अपेक्षित विकास आखिर क्यों नहीं हो पाया.
एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर भी निशिकांत दुबे ने हेमंत सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत से इस प्रक्रिया को प्रभावित करने की साजिश रची जा रही है. सांसद ने के. रवि कुमार पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए सचिव और रांची उपायुक्त की जांच की मांग कर दी. उन्होंने यहां तक कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने तक संबंधित अधिकारियों को झारखंड से बाहर रखा जाना चाहिए.
वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की शानदार जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने कहा कि यह जीत इस बात का प्रमाण है कि देश का युवा पूरी तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है. प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रुपेश मंडल, सुरेश मुर्मू और सीता राम पाठक समेत कई अन्य नेता मौजूद थे.


