संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज-गंगा मिशन कोलकाता साहिबगंज की ओर से पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार वृक्षारोपण एवं पौधा वितरण अभियान चलाया जा रहा है.इसी अभियान के तहत् मंगलवार की सुबह भारतीय रोड स्थित बाबूलाल नंदलाल बोहरा ट्रस्ट परिसर में सरस्वती शिशु मंदिर साहिबगंज के छात्र-छात्राओं के बीच फलदार पौधों का वितरण किया गया.कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना और उन्हें अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना था.इस दौरान स्कूली बच्चों को आम,कटहल,नारियल सहित विभिन्न फलदार पौधे वितरित किए गए.बच्चों ने भी पौधों को सुरक्षित रखने और उनका उचित देखभाल करने का संकल्प लिया.इस अवसर पर गायत्री परिवार के कल्याण श्रीवास्तव,गंगा आरती से जुड़े प्रमोद पाण्डेय, चंपक दत्त,रतन अग्रवाल, सरस्वती शिशु मंदिर के शिक्षक अमित कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे.कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कल्याण श्रीवास्तव ने कहा कि एक पेड़ दस पुत्रों के समान होता है.उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं.वृक्ष प्रदूषित हवा को शुद्ध करने के साथ-साथ हमें फल,छाया और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं.उन्होंने विद्यार्थियों से अपील किया कि वे अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाएं और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी करें.गंगा मिशन के सदस्यों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है.बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए. विद्यार्थियों के माध्यम से घर-घर तक हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.कार्यक्रम के दौरान बच्चों में पौधों को लेकर उत्साह देखने को मिला.आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के पौधा वितरण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम को जारी रखने की बात कही.


