विश्व ओजोन दिवस पर नेताओं ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश
नई दिल्ली । विश्व ओजोन दिवस के मौके पर देशभर में ओजोन परत के संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन विभाग से लेकर कई बड़े नेताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लोगों से पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने की अपील की। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन विभाग ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा- ओजोन परत बचाएं, पृथ्वी का भविष्य सुरक्षित बनाएं। विभाग ने बताया कि ओजोन परत सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करने वाला प्राकृतिक सुरक्षा कवच है। इसका संरक्षण मानव जीवन, वन्यजीवों, पेड़-पौधों और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए बहुत जरुरी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विश्व ओजोन दिवस पर ओजोन परत की सुरक्षा और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संकल्प लें। राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने एक्स पोस्ट में लिखा-विश्व ओजोन दिवस पर आइए, हम सब मिलकर कार्बन उत्सर्जन कम करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लें। हमारी जागरूक पहल ही धरती को सुरक्षित बनाएगी।
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पोस्ट में लिखा- विश्व ओजोन दिवस हमें पर्यावरणीय जिम्मेदारी और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देता है। ओजोन परत के संरक्षण के साथ पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को अपनाएं और भावी पीढ़ियों के लिए स्वस्थ, सुरक्षित एवं हरित पृथ्वी बनाने में अपना योगदान दें। वहीं, बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने एक्स पोस्ट में लिखा- विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर आइए, हम सभी ओजोन परत के संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण और प्रकृति की रक्षा का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि ओजोन परत हमारी पृथ्वी और जीवन की सुरक्षा के लिए एक अहम प्राकृतिक कवच है। इसे सुरक्षित रखना केवल हमारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के प्रति हमारा दायित्व भी है।
बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने एक्स पोस्ट में लिखा- विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और मजबूत करें। ओजोन परत की सुरक्षा हमारी पृथ्वी, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जरुरी है। स्वच्छ वायु, स्वस्थ पर्यावरण और सुरक्षित पृथ्वी के संकल्प के साथ प्रकृति संरक्षण को जन-जन का दायित्व बनाएं।


